दोस्तों के साथ गोवा घूमने जाना आज भी कई युवाओं की पसंदीदा ट्रिप में शामिल है। यहां के खूबसूरत समुद्र तट, शानदार नाइटलाइफ और स्वादिष्ट खाना पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। इसी बीच हाल ही में गोवा को लेकर एक शख्स का पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। गोवा घूमने गए एक शख्स ने अपने एक्सपीरिएंस के आधार पर यहां के पर्यटन को लेकर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक गोवा के मुकाबले श्रीलंका में पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल रहा है। इसके बाद से ही दोनों जगहों के पर्यटन और सुविधाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर डाला पोस्ट
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए एंटरप्रेन्योर अर्जुन वैद्य ने गोवा घूमने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने लिखा, “श्रीलंका नाश्ते में गोवा खाता है। और सच कहूं तो? यह हमारी वजह से है।” उन्होंने आगे बताया कि गोवा कभी दुनियाभर के पर्यटकों की पहली पसंद हुआ करता था, लेकिन अब धीरे-धीरे अपनी पुरानी पहचान और आकर्षण खोता नजर आ रहा है। अर्जुन के मुताबिक, गोवा में पर्यटकों की संख्या 84 फीसदी तक घट गई है।
10 साल पहले के एक्सपीरिएंस को किया याद
करीब 10 साल पहले थलासा की अपनी यात्रा को याद करते हुए उन्होंने वहां के ग्रीक खाने, सूर्यास्त के खूबसूरत नजारों और शानदार संगीत का जिक्र किया। लेकिन, हाल की यात्रा के दौरान उन्हें वहां बार-बार बॉलीवुड गाने बजते मिले और बाहर पर्यटकों की लंबी कतार भी दिखाई दी। इस पर उन्होंने लिखा, "बॉलीवुड के खिलाफ कुछ नहीं, लेकिन गोवा आने वाले लोग यहां किसी भी संगीत जैसी प्लेलिस्ट सुनने नहीं आते।"
गोवा में घट रही विदेशी पर्यटकों की संख्या
उन्होंने गोवा में विदेशी पर्यटकों की घटती संख्या पर भी चिंता जताई। उनके मुताबिक, साल 2017 में यहां करीब 8.9 लाख विदेशी पर्यटक आए थे, जबकि 2025 में यह आंकड़ा घटकर 5.2 लाख रह गया। वहीं, चार्टर फ्लाइट से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 2017 में इनकी संख्या 2.49 लाख थी, जो 2025 में घटकर सिर्फ 40,336 रह गई। यानी इस दौरान चार्टर फ्लाइट से आने वाले पर्यटकों में करीब 84 फीसदी की कमी आई। अर्जुन वैद्य ने गोवा में ट्रैफिक जाम, निर्माण कार्य, गंदगी और रेस्टोरेंट की खराब सर्विस जैसी समस्याएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि अच्छे स्कूलों की कमी भी परिवारों के राज्य छोड़ने की एक बड़ी वजह बन सकती है।
श्रीलंका जा रहे ज्यादा लोग
गोवा की स्थिति की तुलना करते हुए अर्जुन वैद्य ने बताया कि, श्रीलंका ने 2025 में करीब 23.6 लाख पर्यटकों का स्वागत किया और पर्यटन से लगभग 3.2 अरब डॉलर की कमाई की। इनमें सबसे ज्यादा 5.3 लाख पर्यटक भारत से पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि गोवा के पास समुद्र तट, संस्कृति और दुनियाभर में पहचान बनाने का मौका पहले से था, लेकिन इसके बावजूद वह पीछे रह गया। उनके मुताबिक, श्रीलंका ने गोवा को नहीं हराया, बल्कि हमने खुद गोवा की पहचान और लोकप्रियता को कमजोर होने दिया। अब इसे फिर से बेहतर बनाने की जरूरत है।
अर्जुन वैद्य की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कई लोगों ने उनकी बातों का समर्थन करते हुए कहा कि गोवा अब पहले जैसा आकर्षक नहीं रहा है। वहीं, कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि वह एक राज्य की तुलना पूरे देश से कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट में लिखा, "मैं अभी श्रीलंका से यह पोस्ट कर रहा हूं। यह जगह हर मामले में गोवा से बेहतर है। यहां कीमतें कम हैं, सुविधाएं अच्छी हैं और लोगों का व्यवहार भी शानदार है। यह सब देखकर हैरानी होती है। आपकी पोस्ट बहुत मायने रखती है।" दूसरे यूजर ने कहा, "बिल्कुल सही! इसे गोवा का दिल्ली जैसा बनना कह सकते हैं और यह वाकई दुखद है।" वहीं, गोवा के एक स्थानीय निवासी ने कहा, "मैं गोवा का रहने वाला हूं और आपकी हर बात से सहमत हूं। ये बेहद शर्मनाक है। यहां तेजी से हो रहा जेंट्रीफिकेशन एक बड़ी सच्चाई है।"
एक यूजर ने लिखा, "आप गोवा जैसे छोटे राज्य की तुलना एक पूरे देश से कर रहे हैं, यह अपने आप में बहुत कुछ कहता है।" एक अन्य व्यक्ति ने उम्मीद जताई कि सोशल मीडिया पर चल रही इस चर्चा से गोवा के लोग अपने राज्य को फिर से पहले जैसा बनाने के लिए आगे आएंगे।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)