तस्करों को पकड़ने के लिए SUV की छत पर लटक गया पुलिसकर्मी, 40 KM तक दौड़ी गाड़ी, VIDEO वायरल
तमिलनाडु के कोयंबटूर में सड़क पर अचानक ऐसा नजारा दिखा कि राह चलते लोग भी ठिठक गए। तेज रफ्तार SUV के ऊपर एक पुलिसकर्मी को देखकर हर कोई हैरान रह गया। वाहन लगातार आगे बढ़ रहा था और पीछे पुलिस की गाड़ियां भी दौड़ रही थीं। देखते ही देखते इस असामान्य पीछा करने का वीडियो चर्चा में आ गया
पुलिस ने SUV को रोकने के लिए कनीयूर टोल गेट को भी अलर्ट किया था।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में सड़क पर उस वक्त लोगों की नजरें थम गईं, जब एक तेज रफ्तार SUV के ऊपर एक पुलिसकर्मी नजर आया। आमतौर पर ट्रैफिक और वाहन जांच से जुड़ी ड्यूटी कुछ मिनटों में पूरी हो जाती है, लेकिन यहां हालात अचानक बदल गए। भागती गाड़ी और उसके ऊपर खुद को संभालता पुलिसकर्मी देखकर सड़क से गुजर रहे लोग भी हैरान रह गए। यह पूरा दृश्य किसी फिल्म के एक्शन सीन जैसा नजर आया और देखते ही देखते इसकी तस्वीरें और वीडियो लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद होने लगीं। तेज रफ्तार वाहन लगातार आगे बढ़ता रहा, जबकि पुलिसकर्मी ने अपनी पकड़ बनाए रखी।
पीछे पुलिस की गाड़ियां भी इस पूरे घटनाक्रम का पीछा कर रही थीं। सड़क पर मौजूद लोगों के लिए यह नजारा जितना चौंकाने वाला था, पुलिस टीम के लिए उतना ही चुनौतीपूर्ण। आखिर SUV इतनी तेजी से क्यों भाग रही थी और पुलिसकर्मी उसकी छत तक कैसे पहुंचा, यही सवाल इस घटना को खास बना रहा है।
सुबह-सुबह शुरू हुआ पूरा ड्रामा
घटना की शुरुआत सुबह करीब 5:45 बजे हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की एक खेप बेंगलुरु से कोयंबटूर लाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर एक टीम ने कर्नाटक नंबर वाली सफेद SUV को वेल्लानाइपट्टी के पास देखा और कोविलपालयम पुलिस को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद सब-इंस्पेक्टर वी. विग्नेश और हेड कॉन्स्टेबल वेलुमुरुगन ने कैकोलापलयम के पास वाहन को रोकने की कोशिश की।
पुलिसकर्मी का हाथ फंसा, फिर अचानक भागी गाड़ी
पुलिस के अनुसार, विग्नेश SUV की खिड़की से अंदर बैठे लोगों से पूछताछ कर रहे थे। तभी चालक ने अचानक शीशा ऊपर कर दिया, जिससे अधिकारी का हाथ फंस गया। इसके बाद SUV को पीछे किया गया, मानो पुलिस की घेराबंदी तोड़ने की कोशिश हो रही हो। इसी दौरान वेलुमुरुगन वाहन के किनारे मौजूद थे। उन्होंने तेजी से SUV की छत पर चढ़कर रूफ रेल पकड़ ली। वह चालक को रुकने का इशारा करते रहे और छत पर हाथ मारते रहे, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। अब पुलिसकर्मी चलती SUV की छत पर थे।
100 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी SUV
SUV कोयंबटूर के कई व्यस्त इलाकों से होकर आगे बढ़ी। पुलिस के मुताबिक, वाहन कलापट्टी, नेहरू नगर जंक्शन और एयरपोर्ट जंक्शन से होते हुए अविनाशी रोड तक पहुंचा और फिर तिरुप्पुर की ओर बढ़ गया। पीछा कर रही पुलिस टीमों के लिए सबसे बड़ी चुनौती छत पर लटके वेलुमुरुगन की सुरक्षा थी। एक अधिकारी निजी कार से पीछा कर रहे थे, जबकि दूसरी टीम पुलिस वाहन से SUV के पीछे लगी थी।
सड़क पर चलते लोगों ने बना लिया VIDEO
तेज रफ्तार SUV की छत पर पुलिसकर्मी को पकड़े देखकर सड़क से गुजर रहे कई लोग हैरान रह गए। कुछ वाहन चालकों ने मोबाइल से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया। बाद में यही फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया और घटना तेजी से चर्चा में आ गई।
NHAI को भी सूचना दी गई, जिसके बाद एक एंबुलेंस को पीछा कर रही टीम के साथ लगाया गया। एंबुलेंस कर्मियों ने भी वेलुमुरुगन का वीडियो रिकॉर्ड किया।
FASTag ने भी नहीं रोकी भागती SUV
पुलिस ने SUV को रोकने के लिए कनीयूर टोल गेट को भी अलर्ट किया था। हालांकि, यहां भी वाहन रुकने से बच गया। SUV का FASTag सक्रिय होते ही बैरियर खुल गया और वह बिना रुके आगे निकल गई।
इसके बाद कोयंबटूर और तिरुप्पुर पुलिस टीमों ने आपस में समन्वय कर आगे रास्ता रोकने की योजना बनाई।
Headconstable Velmurugan of Kovilpalayam police station in #Coimbatore clung onto the roof rails of an SUV for about 40 km as three men from Rajasthan tried escape from the police with over 250 kg of gutkha. The video was shot by the crew of an NHAI ambulance. @THChennai https://t.co/7pAt9m4ZVd
आखिरकार अविनाशी टीम की मदद से पुलिस ने तिरुप्पुर जिले के मंगलम जंक्शन के पास SUV को रोक लिया। वाहन में सवार तीनों संदिग्ध गाड़ी छोड़कर पैदल भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी बाबू धारा, ए. राजेश और एस. सुरेश के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान दो आरोपियों को हाथ में चोट लगी और फ्रैक्चर भी हुआ।