Ek Din Ek Gully: देश की सड़कों पर सफाई करते हुए एक विदेशी शख्स की वीडियो आज कल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। दरअसल एक सर्बियाई शख्स ने भारत की आजादी के 79वें जश्न से पहले एक अनोखी मुहिम शुरू की है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस तक 'हर दिन एक गली' को साफ करने का संकल्प लिया है। 'एक दिन, एक गली' के नारे के साथ शुरू हुई उनकी इस पहल ने गंदगी फैलाने को लेकर भारतीयों को शर्मिंदगी का एहसास कराया है, जिससे सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
'एक दिन, एक गली' मुहिम की शुरुआत
इंस्टाग्राम हैंडल @4CleanIndia के जरिए यह शख्स अपनी मुहिम की शुरुआत करते हुए कहते है, 'यह आज से शुरू होता है। मैं स्वतंत्रता दिवस तक हर दिन भारत में एक गली को साफ करने के लिए खुद को चुनौती दे रहा हूं। देखते हैं यह कैसा जाता है...'। वह फावड़े का इस्तेमाल करते हुए स्थानीय लोगों से 'इंडिया को साफ रखना है। ठीक है? सबको बोलना है।' ये बाते कहते हुए भी नजर आते हैं। उनकी इस मुहिम को सोशल मीडिया पर खूब समर्थन मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस
सर्बियाई शख्स के इस मुहिम ने भारतीयों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि उनमें सिविक सेंस की कमी क्यों है और वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना क्यों जारी रखते हैं। एक X यूजर ने लिखा, 'बहुत शर्म की बात है। यह आदमी सफाई करता रहेगा लेकिन भारतीय नहीं सुधरेंगे। यह असंभव है क्योंकि हमारा ध्यान उच्च शिक्षा पर है, निम्न शिक्षा पर नहीं।'
एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि भारतीयों को अपनी नींद से जगाने के लिए ऐसे '1000 गोरों' की जरूरत है, ताकि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखने की कोशिश करें। उन्होंने इसे 'परोपकारी पर्यटन' का एक नया रूप बताया। वहीं, एक तीसरे यूजर ने कहा कि असली बदलाव तभी आएगा जब नागरिक खुद कचरा फेंकना बंद करें और सरकार कड़े जुर्माने लागू करे।
इंफ्लूएंसर्स को दिया खास संदेश
एक अलग वीडियो में शख्स ने भारतीय इंफ्लूएंसर्स को एक खास संदेश दिया। उन्होंने उनसे शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'स्वच्छ भारत' पर कंटेन्ट बनाने का आग्रह किया। उन्होंने अपने वीडियो में कहा, 'गुड मॉर्निंग, इंडिया। सबसे पहले मैं आप सभी का समर्थन करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। आप अद्भुत हैं, और अगर हम इसी तरह जारी रखते हैं, तो मुझे यकीन है कि हम इसे कर दिखाएंगे और भारत को स्वच्छ बनाएंगे।' उन्होंने इंफ्लूएंसर्स से कहा, 'आपके पास पावर है। आपको बहुत से लोग फॉलो करते हैं। आइए, हम अपने देश के लिए एक दिन निकालें और मिलकर बदलाव लाएं।'