UP News: यूपी में दहेज के लिए क्रूरता! गर्भवती पत्नी की पेट पर पति का बेरहमी से हमला, दो अजन्मे शिशुओं की मौत

UP News: दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक कलयुगी पति ने बेरहमी से अपनी गर्भवती पत्नी के पेट में लाट मार दी। इससे उसके दो अजन्मे शिशुओं की पेट में ही मौत हो गई। पति ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दो बार अपनी पत्नी के पेट पर लात मारकर दो अजन्मे शिशुओं की हत्या कर दी

अपडेटेड Apr 12, 2026 पर 11:41 AM
Story continues below Advertisement
UP News: गर्भवती महिला पर उसके पति ने कथित तौर पर बेरहमी से हमला किया।

UP News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक पति की हैवानियत की दर्दनाक खबर सामने आई है। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर कलयुगी पति ने बेरहमी से अपनी गर्भवती पत्नी के पेट में लाट मार दी। इससे उसके दो अजन्मे शिशुओं की पेट में ही मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दो बार अपनी पत्नी के पेट पर लात मारकर दो अजन्मे शिशुओं की हत्या करने के आरोप में महिला के पति और उसकी सास समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया की इस मामले में आराधना शुक्ला (29) की तरफ से शनिवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में दी गई शिकायत के आधार पर उसके पति अभिनेष शुक्ला, सास गीता देवी और जेठ प्रदीप शुक्ला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में जिले के गोपीगंज थाने में शनिवार को मामला दर्ज किया गया।

2022 में हुई थी शादी


पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र के गुदरीपुर निवासी आराधना शुक्ला की शादी इसी थाना क्षेत्र के भानु पुर सियरहा गांव के निवासी अभिनेष शुक्ला से 21 मई 2022 में हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोप है कि शादी में आराधना को खासा दहेज मिलने के बावजूद उसका पति, सास और जेठ 10 लाख रुपये की अलग से मांग करने लगे और पूरी नहीं होने पर वे उसे लगातार प्रताड़ित करते थे।

त्यागी ने बताया कि आरोप है कि आराधना जब आठ माह की गर्भवती थी तभी उसके पति ने 10 लाख रुपये नहीं मिलने पर उसके पेट में कई बार लात मारी थी। उसकी हालत खराब देख उसे मायके भेज दिया था। उन्होंने बताया कि आराधना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन उसके गर्भ में पल रहे आठ महीने के शिशु की पेट में मौत हो गई थी।

10 लाख रुपये मांग रहा था दहेज

त्यागी ने बताया कि कुछ रिश्तेदारों के समझाने पर अभिनेष शुक्ला उसे दिल्ली ले जाकर रहने लगा था जहां उसकी मां और जेठ भी रहते थे। उन्होंने बताया कि आरोप है कि जुलाई 2025 में दूसरी बार आराधना के दो माह के गर्भवती होने पर फिर से 10 लाख रुपये की मांग को लेकर 20 सितंबर 2025 को आराधना को एक बार फिर बुरी तरह मारापीटा गया। इस दौरान उसके पति ने एक बार फिर उसके पेट पर लात मार दी।

एसपी ने बताया कि आराधना की हालत खराब होने बावजूद अभिनेष उसी दिन उसे मोटरसाइकिल से भदोही लाया। 21 सितंबर 2025 की देर शाम जिले के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर फिर से एकांत देख उसे बुरी तरह मारा और खून से लथपथ पत्नी को छोड़कर ये धमकी देते हुए चला गया की अगर 10 लाख रुपये लिये बगैर लौटे तो उसे जलाकर मार डाला जाएगा।

त्यागी के मुताबिक दर्ज मामले में आराधना ने बताया है कि उसने मायके वालों को खबर दी तब उन्होंने उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन दूसरी बार भी उसके दो माह के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला का आरोप है कि इसी साल जनवरी में उसने महिला थाने और गोपीगंज थाने में मामला दर्ज करने के लिए गुहार लगाई थी।

महिला की शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई

लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद महिला ने उनसे शिकायत की थी। त्यागी ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह खबर एक बेहद गंभीर और संवेदनशील अपराध की ओर इशारा करती है। दहेज के लिए की गई क्रूरता भारतीय समाज में अभी भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है।

ये भी पढ़ें- Earthquake News: जम्मू-कश्मीर और असम में सुबह-सुबह कांपी धरती! 4.6 तीव्रता के भूकंप से हड़कंप, घरों से बाहर निकले लोग

यह घटना न सिर्फ एक संगीन अपराध है। बल्कि समाज के लिए चेतावनी भी है कि दहेज जैसी कुप्रथा आज भी जानलेवा रूप ले रही है। जरूरत है जागरूकता, सख्त कानून के पालन और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। गर्भवती महिला पर हमला सिर्फ घरेलू हिंसा नहीं। बल्कि दो जिंदगियों (मां और अजन्मे बच्चों) पर हमला है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।