IMD: दिल्ली-पंजाब समेत इन चार राज्यों में अगले तीन दिन ठंड का रहेगा कहर, IMD का अलर्ट जारी

दिल्ली में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से लोग परेशान हैं और फिलहाल इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आईएमडी के अनुसार 2 से 5 जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में तेज शीतलहर चल सकती है

अपडेटेड Jan 02, 2026 पर 5:11 PM
Story continues below Advertisement
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 5 जनवरी तक शीतलहर का असर बना रह सकता है

दिल्ली में रहने वाले लोग इस समय कड़ाके की ठंड और कोहरे से परेशान है। राजधानी दिल्ली में लोगों को अभी शीतलहर और ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। शुक्रवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दिल्ली में ठिठुरन और बढ़ गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली में जारी कड़ाके की ठंड के बीच 2 से 5 जनवरी के दौरान कुछ इलाकों में तेज शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।

आईएमडी के मुताबिक, जब किसी इलाके का न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है, तब उसे कोल्ड वेव की स्थिति माना जाता है। आने वाले दिनों में दिल्ली में सर्दी और परेशान कर सकती है। आईएमडी ने बताया कि 5 जनवरी तक राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में ठंड का यह दौर जारी रह सकता है।

आईएमडी के अनुसार गुरुवार (1 जनवरी) को दिल्ली में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री कम होकर 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


कैसा रहा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 5 जनवरी तक शीतलहर का असर बना रह सकता है। विभाग ने ये भी बताया कि 6 जनवरी तक दिल्ली के कई इलाकों में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। गुरुवार (1 जनवरी) को कोहरे की वजह से कई जगहों पर दृश्यता काफी कम रही। सफदरजंग में 1 जनवरी की रात 10:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक विजिबिलिटी घटकर 500 मीटर रह गई थी, जो सुबह 9 बजे तक थोड़ा सुधरकर 600 मीटर हो गई।

पालम में भी कोहरे का असर साफ दिखा, जहां 1 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे से शुक्रवार की सुबह 8 बजे तक दृश्यता 500 मीटर तक सिमटी रही। सुबह के वक्त कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिली, जबकि दिन भर आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे ठंड का एहसास बना रहा।

कैसा था कल का मौसम

गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर अधिकतम तापमान 14.8 से 17.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो ज्यादातर इलाकों में सामान्य से नीचे रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री कम 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पालम में यह सामान्य से 2.8 डिग्री कम होकर 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पूरे इलाके में ठंड का असर बना रहा। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज में यह 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान आयानगर में रिकॉर्ड हुआ, जहां पारा 14.8 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच पाया। वहीं पूरे क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से 10.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिससे दिनभर ठिठुरन बनी रही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।