Indigo Viral Video: मुंबई से कोलकाता जाने वाले इंडिगो के एक विमान में शुक्रवार (1 अगस्त) को एक यात्री ने दूसरे यात्री को जोरदार थप्पड़ मार दिया। सूत्रों ने बताया कि यह घटना फ्लाइट संख्या 6E138 में हुई। विमान के कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरने के बाद आरोपी यात्री को सुरक्षा दल को सौंप दिया गया। एक सूत्र ने बताया कि एयरलाइन कंपनी ने यात्री को 'उपद्रवी' भी घोषित कर दिया है। इंडिगो ने ज्यादा जानकारी दिए बिना कहा कि कंपनी को अपनी एक फ्लाइट में हुई मारपीट की घटना की जानकारी है।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "हमारे चालक दल ने स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार काम किया। संबंधित व्यक्ति की पहचान उपद्रवी के रूप में की गई और विमान के उतरने के बाद उसे सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया। प्रोटोकॉल के अनुसार, सभी संबंधित नियामक एजेंसियों को विधिवत सूचित कर दिया गया है।"
यात्री ने दूसरे यात्री को थप्पड़ क्यों मारा, ये जानकारी भी सामने नहीं आई है। एक फ्लाइट अटेंडेंट को यह कहते हुए सुना गया, "सर, कृपया ऐसा न करें।" वीडियो रिकॉर्ड कर रहे व्यक्ति ने भी विरोध करते हुए कहा, "तुमने उसे क्यों मारा?" जिस पर अपराधी ने जवाब दिया, "उसकी वजह से हमें परेशानी हो रही है।"
इंडिगो ने कहा कि इस तरह का असंयमित व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है। यात्रियों एवं चालक दल की सुरक्षा एवं सम्मान से समझौता करने वाली किसी भी कार्रवाई की कड़ी निंदा की जाती है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें अपनी सीट पर बैठे एक यात्री को अचानक एक अन्य यात्री को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है।
घटना के बाद दूसरा यात्री रोने लगा। उसे मौके से हटा दिया गया। NDTV की रिपोर्ट में कहा गया है इंडिगो के विमान में एक व्यक्ति को विमान में चढ़ते ही पैनिक अटैक आ गया। इसके बाद साथी यात्री ने उसे थप्पड़ मार दिया। पायलट ने उस उपद्रवी यात्री को अपने साथी यात्री पर हमला करने के लिए फ्लाइट से बाहर जाने को कहा।
यह परेशान करने वाली घटना शुक्रवार को मुंबई-कोलकाता उड़ान में एक अन्य यात्री ने रिकॉर्ड की। इसके अलावा वीडियो में चालक दल के एक सदस्य को सीट पर बैठे यात्री से 'ऐसा मत करो' कहते हुए सुना जा सकता है। जबकि एक अन्य यात्री को यह पूछते हुए सुना गया कि उसने थप्पड़ क्यों मारा और उसे किसी को मारने का कोई अधिकार नहीं है।
एक यात्री को यह भी कहता हुआ सुना गया कि जिस व्यक्ति को मारा गया, उसे घबराहट हो गई थी। हालांकि यह तुरंत पता नहीं चल पाया कि घटना किस समय हुई। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह घटना एयरबस A321 विमान में हुई।