क्या आपने कभी सोचा है कि आराम से सोना भी आपको लाखों रुपये दिला सकता है? जापान की एक मैट्रेस कंपनी ने कुछ ऐसा ही अनोखा कॉम्पिटिशन आयोजित करने का फैसला किया है। इसमें प्रतिभागियों को किसी खेल या परीक्षा में नहीं, बल्कि अच्छी नींद लेकर एक-दूसरे से मुकाबला करना होगा। खास बात यह है कि जीतने वाले को लाखों रुपये का कैश प्राइज भी मिलेगा।
सिर्फ सोना नहीं, नींद की क्वालिटी भी होगी मायने
यह अनोखी प्रतियोगिता 5 अक्टूबर 2026 को जापान के टोक्यो में आयोजित होगी। कार्यक्रम Share Green Minami Aoyama में होगा। प्रतियोगिता के विजेता को 2.22 मिलियन येन, यानी करीब 13.76 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
90 मिनट तक बिस्तर पर दिखानी होगी बेहतरीन नींद
प्रतिभागियों को सोने के लिए कुल 90 मिनट का समय मिलेगा। इस दौरान सिर्फ जल्दी सो जाना ही काफी नहीं होगा। आयोजक यह भी देखेंगे कि प्रतियोगी कितनी जल्दी सोता है, उसकी नींद कितनी गहरी होती है और पूरी अवधि के दौरान उसकी नींद कितनी स्थिर रहती है। इसके लिए खास तरह के स्लीप-ट्रैकिंग डिवाइस का इस्तेमाल किया जाएगा, जो नींद से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
सोने से पहले करना होगा कुछ अलग
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को सीधे बिस्तर पर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें पहले कुछ एक्सरसाइज पूरी करनी होंगी। इसके बाद हर प्रतियोगी को सोने के लिए एक रैंडम स्लीप आइटम दिया जाएगा। यानी प्रतिभागियों को पहले से यह तय करने का मौका नहीं मिलेगा कि वे किस चीज के साथ या किस तरह सोएंगे।
पूरी रात जागकर आने की नहीं होगी इजाजत
इस प्रतियोगिता का मकसद सिर्फ किसी को थकाकर सुलाना नहीं है। आयोजक चाहते हैं कि प्रतियोगियों की नेचुरल स्लीप क्वालिटी को परखा जाए। इसलिए प्रतिभागियों को प्रतियोगिता से पहले जानबूझकर नींद पूरी न करने या पूरी रात जागने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा नींद लाने के लिए स्लीपिंग पिल्स या किसी दवा का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहेगा। प्रतियोगिता के दौरान आयोजक कुछ अप्रत्याशित व्यवधान भी पैदा कर सकते हैं, ताकि यह देखा जा सके कि नींद कितनी स्थिर रहती है।
एक नहीं, कई तरह के मिलेंगे अवॉर्ड
इस अनोखी प्रतियोगिता में सिर्फ मुख्य विजेता को ही सम्मान नहीं मिलेगा। अलग-अलग तरह की नींद से जुड़े प्रदर्शन के लिए भी विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें Deep Sleep Dive Award के अलावा अलग-अलग और असामान्य sleeping positions के लिए भी पुरस्कार शामिल हैं। यानी प्रतियोगिता में किस तरह सोते हैं, यह भी आपके लिए खास पहचान बन सकता है।
करीब 60 लोग ले सकते हैं हिस्सा
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आवेदन निशुल्क है। आवेदन की अंतिम तारीख 16 सितंबर थी। आयोजकों के मुताबिक तीन अलग-अलग सेशन में करीब 20-20 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
आखिर क्यों हो रहा है ऐसा कॉम्पिटिशन?
इस प्रतियोगिता के पीछे सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान खींचने की कोशिश भी है। आयोजक जापान में नींद की कमी और बेहतर आराम की जरूरत को लेकर जागरूकता बढ़ाना चाहते हैं।