UAE। किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता। UAE में काम करने वाले केरल के एक भारतीय व्यक्ति के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। तीन साल तक लकी ड्रॉ में किस्मत आजमाने के बाद उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सोने की ईंट जीत ली। 37 साल के शफी पोक्कुलंगारा बाप्पुहाजी अब इस इनाम से अपने एक पुराने सपने को पूरा करना चाहते हैं।
खलीज टाइम्स के मुताबिक, UAE के एक सुपरमार्केट में काम करने वाले शफी ने अबू धाबी के बिग टिकट लकी ड्रॉ में सोना जीता है। वह पिछले तीन साल से 15 से 20 दोस्तों के साथ मिलकर टिकट खरीद रहे थे। इस बार उन्होंने अपने पिता के लकी नंबर से टिकट लिया था, जो उनके लिए लकी साबित हुआ।
दोस्त के फोन से मिली सोना जीतने की खबर
शफी को जीत की जानकारी आयोजकों के बजाय अपने एक दोस्त से मिली। दोस्त ने फोन करके पूछा कि क्या बिग टिकट की तरफ से उन्हें कोई कॉल आया है। शुरुआत में शफी को इस बात पर भरोसा नहीं हुआकि उन्होंने 200 ग्राम सोने की ईंट जीती है।
इसके बाद शफी ने बिग टिकट की वेबसाइट पर नतीजे देखे। अपना टिकट जीतता देख उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। शफी और उनके दोस्त पहले से UAE में अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे।
• शफी और उनके दोस्त सोने की ईंट बेचेंगे।
• इससे मिलने वाले पैसों से कारोबार शुरू करेंगे।
• अभी बिजनेस के बारे में जानकारी नहीं दी है।
• शफी का कहना है कि इस जीत से उनका सपना पूरा करने में मदद मिलेगी।
सोने की ईंट की कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान
UAE में 16 नवंबर को 24 कैरेट सोने का भाव 460 दिरहम यानी करीब 11,704 रुपये प्रति ग्राम से ज्यादा था। इस हिसाब से 200 ग्राम सोने की ईंट की कीमत करीब 92,000 दिरहम यानी लगभग 23.41 लाख रुपये बैठती है। यह कीमत उस दिन के सोने के भाव के आधार पर निकाली गई है। सोना बेचने के समय मिलने वाली रकम बाजार के भाव पर निर्भर करेगी।
दूसरे भारतीय की भी चमकी किस्मत
इस लकी ड्रॉ में शफी के अलावा 25 साल के अनशाद वीएम ने भी 200 ग्राम सोने की ईंट जीती है। वह भारतीय सेल्स प्रोफेशनल हैं और पिछले दो साल से अल ऐन में रह रहे हैं।
अनशाद भी अपने 25 दोस्तों के साथ मिलकर हर महीने दो से तीन टिकट खरीदते थे। अब उनका ग्रुप सोने की ईंट बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बराबर बांटने की योजना बना रहा है। अनशाद इस पैसे से केरल में अपने परिवार की मदद करना चाहते हैं।