Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad Row: रक्षाबंधन के ऐड पर मचा बवाल! तो ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने हटाया विज्ञापन, कृति सेनन के बचाव में उतरे राहुल गांधी

Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad Row: सोशल मीडिया पर आलोचना झेलने के बाद एक्ट्रेस कृति सेनन ने अपने आउटफिट का बचाव किया था। इसके एक दिन बाद ही ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने उनका रक्षाबंधन ऐड हटा लिया है। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्ट्रेस का खुलकर बचाव किया है

अपडेटेड Aug 26, 2026 पर 12:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad Row: कृति सेनन के राखी वाले विज्ञापन को विवाद के बाद हटा दिया गया है

Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad Row: ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने एक्ट्रेस कृति सेनन वाला अपना रक्षाबंधन विज्ञापन हटा लिया है। यह कदम तब उठाया गया है जब एक्ट्रेस ने एक दिन पहले ही कैंपेन में अपने आउटफिट को लेकर हो रही आलोचना का जवाब दिया था। रक्षाबंधन के मौके पर ज्वेलरी ब्रांड GIVA का कृति सेनन वाला विज्ञापन सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गया है। विज्ञापन में कृति के पहनावे को लेकर एक वर्ग ने सवाल उठाए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। मामला इतना बढ़ा कि ब्रांड ने अब इस विज्ञापन को अपने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया है।

GIVA ने 26 अगस्त को इंस्टाग्राम पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बेहद सम्मान करता है। ब्रांड ने कहा कि अगर उसके हालिया विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं तो ऐसा करना उसका उद्देश्य नहीं था। लोगों की भावनाओं के सम्मान में विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से वापस लिया जा रहा है।

GIVA ने एक पोस्ट में लिखा, "हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं। एक ब्रांड के तौर पर हम हमेशा पूरे परिवार के साथ इन खुशियों भरे पलों को मनाने में विश्वास रखते हैं। इस बार हम अपने पालतू जानवरों को भी इस प्यार और जश्न में शामिल करना चाहते थे। अगर हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हमारा ऐसा कोई इरादा बिल्कुल नहीं था। सम्मान के तौर पर हमने उस विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है।"


आधुनिक पोशाक को लेकर ऑनलाइन बहस

अभिनेत्री और BJP सांसद कंगना रनौत ने कृति सेनन के नए विज्ञापन पर तंज कसते हुए मंगलवार को कहा कि यह Ad जानबूझकर असहज करने वाला लगता है। वहीं, कुछ लोगों ने इस विज्ञापन को भद्दा बताया। जबकि कुछ लोगों ने अभिनेत्री के पहनावे का समर्थन भी किया। रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "महिला होने के लिए यह शानदार समय है। हमारी अलमारियां तरह-तरह के कपड़ों से भरी हैं। आज की महिला वैश्विक महिला है-कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक।"

रनौत ने आगे कहा, "आज हमारे पास कपड़ों के इतने विकल्प हैं। फिर आप अपनी बिकिनी/अंतर्वस्त्र में अपने भाई को राखी क्यों बांधोगी? आपके पास स्टाइल के सारे विकल्प कहां हैं? हा हा, यह विज्ञापन जानबूझकर असहज करने वाला लगता है।"

एक्ट्रेस को विपक्ष का मिला समर्थन

शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत समेत कई लोगों ने अभिनेत्री का बचाव भी किया। सेनन पर रनौत की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "आप उस महिला सांसद को इतनी गंभीरता से क्यों लेते हैं? मत लीजिए।" उन्होंने कहा, "उन्हें इतना महत्व मत दीजिए। वे 'अंध भक्त' हैं। वह एक कदम आगे हैं, उनके पास दिमाग नहीं है। इतने सारे मुद्दे हैं, लेकिन... आप उनसे यह क्यों नहीं पूछते कि चाय महंगी क्यों हो रही है... हमारा गन्ना कहां गया, वह एथेनॉल बनाने में चला गया।"

कई लोगों ने भी अभिनेत्री का बचाव किया। एक यूजर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, "भारतीय पुरुष रक्षाबंधन के विज्ञापन में कृति सैनन के आधुनिक कपड़े पहनने से परेशान हो रहे हैं। काश, वे उन महिलाओं के लिए भी ऐसा ही आक्रोश दिखाते जो सामान्य कपड़े पहनने के बावजूद रोजाना भारतीय पुरुषों के हाथों बलात्कार का शिकार होती हैं और उन्हें न्याय नहीं मिलता।"

राहुल गांधी ने भी किया बचाव

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विज्ञापन के चलते विवादों में घिरीं कृति सेनन का बचाव करते हुए मंगलवार को कहा कि अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए महिलाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं का पहनावा, उनका काम और कहीं आने-जाने का फैसला उनका अधिकार है।

राहुल गांधी ने कृति सेनन की इंस्टाग्राम स्टोरी अपने अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, "महिलाएं क्या पहनती हैं, क्या करती हैं और कहां जाती हैं, यह उनकी पसंद है। महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें।" उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में 'स्मैश द पैट्रिआर्की' (पितृसत्ता को खत्म करें) हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।

कृति सेनन ने दिया करारा जवाब

राखी के अवसर पर जारी अपने नए विज्ञापन में आधुनिक परिधान को लेकर ऑनलाइन आलोचना का सामना कर रहीं कृति सेनन ने मंगलवार को कहा कि भले ही वर्षों में पारंपरिक फैशन में बदलाव आया है। लेकिन अब भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से मापा जाता है। सेनन ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर एक नोट में कहा, "संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, नेकलाइन में नहीं!... साथ ही, महिलाओं को यह बताना हम कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए?"

उन्होंने कहा, "वर्षों में पारंपरिक फैशन विकसित हुआ है। लेकिन अब भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से मापा जाता है।" यह जवाब एक आभूषण ब्रांड के उस विज्ञापन पर उनके खिलाफ की गई ऑनलाइन टिप्पणियों के एक दिन बाद आया, जिसमें उन्हें निशाना बनाया गया था।

सेनन ने कहा कि त्योहारों का सार व्यक्ति द्वारा पहने जाने वाले कपड़ों में नहीं। बल्कि परंपराओं के प्रति आपके मन में मौजूद भावनाओं और उनके मायने में होता है। उन्होंने कहा, "रक्षाबंधन सुरक्षा के बंधन का त्योहार है। मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की उतनी ही रक्षा कर सकते हैं, जितना एक भाई कर सकता है। हम एक-दूसरे के स्वास्थ्य, खुशी और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करते हैं और हमारे लिए यह प्रार्थना और वादा हमारे कुत्तों के लिए भी एक समान ही है! आखिरकार, वे परिवार हैं।"

ये भी पढ़ें- Hathras Victim Family Relocation: हाथरस पीड़िता के परिवार को 3 महीने में नोएडा या गाजियाबाद करें शिफ्ट; हाईकोर्ट का UP सरकार को निर्देश

विज्ञापन में क्या था?

इस विज्ञापन में सेनन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हुई दिख रही हैं। जबकि उनका पालतू कुत्ता उन्हें देख रहा है। इसके बाद वह कुत्ते के पैर पर भी एक राखी बांधती हैं। इस वीडियो को लेकर विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने पारंपरिक त्योहार के दौरान उनके कपड़ों के चुनाव को लेकर आलोचना की। कुछ लोगों ने कुत्ते को राखी बांधने पर भी आपत्ति जताई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।