Get App

DM Viral Video: बच्ची ने सड़क बनाने के लिए बुलाया तो लखीमपुर खीरी DM अंजनी सिंह सीधे पहुंच गए उसके गांव, फिर ये हुआ

DM Viral Video: छह साल की एक बच्ची की सोशल मीडिया पर की गई दिल को छू लेने वाली अपील के बाद उत्तर प्रदेश के लखीमपुर शहर के पास सलेमपुर कोन गांव में एक खराब सड़क की तुरंत मरम्मत कर दी गई। पहली क्लास की छात्रा मानवी सिंह तब सुर्खियों में आई, जब उसने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उसने अपने घर के पास पानी भरने और सड़क की खराब हालत को दिखाया था

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड May 06, 2026 पर 12:27 PM
DM Viral Video: बच्ची ने सड़क बनाने के लिए बुलाया तो लखीमपुर खीरी DM अंजनी सिंह सीधे पहुंच गए उसके गांव, फिर ये हुआ
DM Viral Video: वायरल वीडियो में छह साल की मानवी ने सीधे डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) अंजनी कुमार सिंह से मदद की अपील की

DM Viral Video: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली छह वर्षीय मानवी सिंह ने अपने घर के पास जलभराव वाली सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक अपील की। इस अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान के आदेश दिए। उनके इस कदम की जमकर तारीफ हो रही है। लखीमपुर शहर के पास सलेमपुर कोन गांव की पहली क्लास की छात्रा मानवी सिंह ने जिला मजिस्ट्रेट को संबोधित करते हुए एक छोटा-सा वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किया था, जो वायरल हो गया।

बच्ची ने अपने संदेश में कहा, "डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं। प्लीज, मेरे घर के पास वाली सड़क को ठीक करवा दीजिए।" उसने इसके साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह अपने घर की ओर जाने वाली ईंटों से बनी जलमग्न सड़क पर पानी में से होकर गुजर रही थी। मानवी की यह मासूमियत भरी अपील न सिर्फ वायरल हुई। बल्कि सीधे लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की नजर में भी आ गई।

जिलाधिकारी जलभराव की समस्या के प्रति बच्ची की संजीदगी से बेहद प्रभावित हुए। इसके बाद उससे खुद मिलकर उसकी शिकायत के बारे में जानने के लिए अधिकारियों की एक टीम के साथ गांव पहुंचे। जिलाधिकारी ने मानवी से बात की और उसे बिस्किट एवं मिठाइयां देने के साथ ही उसकी शिकायत का समाधान करने का आश्वासन भी दिया।

सड़क का मुआयना करने पर जिलाधिकारी को पता चला कि मानवी के घर को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली ईंटों की सड़क पूरी तरह से ऊबड़-खाबड़ और खराब हो चुकी थी। इसमें नाली और बारिश का पानी जमा हो रहा था। जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि सिंह ने मौके पर ही सड़क की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए। ताकि मानवी और उसके पड़ोसियों को जलभराव में से होकर न गुजरना पड़े।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें