दोस्ती, इंस्टाग्राम चैट और फिर दो बार रेप! रीवा की किशोरी के साथ साजिश की सनसनीखेज वारदात

MP News: ये सिर्फ एक गुमशुदगी का मामला नहीं था, बल्कि ये इंस्टाग्राम चैट के बहाने बिछाए गए ऐसा शिकारी जाल था, जो सीधा मासूमियत को नोचने के लिए बुन दिया गया था। किशोरी ने बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर योगेश प्रताप सिंह नाम के एक शख्स से हुई थी

अपडेटेड Jun 04, 2025 पर 9:00 PM
Story continues below Advertisement
दोस्ती, इंस्टाग्राम चैट और फिर दो बार रेप! रीवा की किशोरी के साथ साजिश की सनसनीखेज वारदात (IMAGE- AI)

रीवा की शांत गलियों में उस दिन कुछ अलग था। 26 मई को एक किशोरी अचानक लापता हो गई, किसी को भनक तक नहीं लगी कि वो किस रास्ते पर चली गई है। लेकिन कुछ ही दिन बाद जब पुलिस ने उसे खोज निकाला, तब जो सच सामने आया उसने पूरे शहर को हिला दिया। ये सिर्फ एक गुमशुदगी का मामला नहीं था, बल्कि ये इंस्टाग्राम चैट के बहाने बिछाए गए ऐसा शिकारी जाल था, जो सीधा मासूमियत को नोचने के लिए बुन दिया गया था।

किशोरी ने बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर योगेश प्रताप सिंह नाम के एक शख्स से हुई थी। दोस्ती की शुरुआत कुछ इमोजी, कुछ बातों से हुई… फिर हुआ मोबाइल नंबर का एक्सचेंज… और यहीं से शुरू हुआ साजिश का असली खेल।

योगेश ने उसे रीवा बुलाया, होटल में मिलने का बहाना बना कर। लेकिन होटल की दीवारों के पीछे जो हुआ, उसने किशोरी की दुनिया को तोड़ दिया। पहला दुष्कर्म… डर, बेबसी और सन्नाटा। लेकिन दरिंदगी यहीं नहीं रुकी।


अगली सुबह वह उसे बस में बिठाकर चित्रकूट ले गया। धार्मिक नगरी के बीच, एक बार फिर वही शोषण, वही वहशीपन और फिर वो उसे वहीं छोड़कर गायब हो गया।

पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन से किशोरी को खोज निकाला, तो उसकी कहानी सुन हर अफसर भी सन्न रह गए। तुरंत कार्रवाई शुरू हुई और आरोपी योगेश प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

ASP आरती सिंह ने चेतावनी दी, “सोशल मीडिया के जरिए होने वाले संबंधों को लेकर युवाओं को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी अजनबी से निजी बातचीत या मुलाकात खतरनाक साबित हो सकती है.”

इस घटना ने सिर्फ एक लड़की को नहीं, पूरे समाज को झकझोर दिया है। अब एक सवाल हम सब के सामने खड़ा है- क्या वर्चुअल दुनिया में बन रहे रिश्तों को अब भी हम इतना हल्के में लेंगे?

यह एक चेतावनी है। एक अलार्म है, जो इंस्टाग्राम पर भेजी गई एक रिक्वेस्ट से शुरू हुआ… वो एक मासूम के जीवन का सबसे भयावह अध्याय बन गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।