‘इस नवरात्रि अकेले मत नाचिए’, गरबा पार्टनर रेंट करने वाली पोस्ट हुई वायरल, तीन पैकेज ने खींचा ध्यान

Garba Partner नहीं है? नवरात्रि से पहले सोशल मीडिया पर एक अनोखी पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें गरबा खेलने के लिए पार्टनर ‘किराए’ पर लेने का ऑफर दिया गया है। ₹1,000 से शुरू होने वाले इन पैकेज में गरबा, मैचिंग कपड़े, डांस स्टेप्स, तस्वीरें और कई मजेदार सुविधाएं शामिल हैं

अपडेटेड Sep 17, 2026 पर 11:03 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पोस्ट सामने आने के बाद कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं।

नवरात्रि का त्योहार आते ही गरबा और डांडिया की रौनक बढ़ जाती है। लोग पारंपरिक कपड़े पहनकर गरबा नाइट में जाने की तैयारी करते हैं। लेकिन कई लोगों के लिए इस दौरान एक अलग ही समस्या सामने आती है गरबा खेलने के लिए पार्टनर कहां से लाएं? इसी परेशानी का एक अनोखा समाधान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इंस्टाग्राम पर शेयर की गई एक पोस्ट में लोगों को नवरात्रि के दौरान ‘गरबा पार्टनर किराए पर लेने’ का विकल्प दिया गया है। पोस्टर पर लिखा है, “इस नवरात्रि अकेले मत नाचिए!” इसमें तीन अलग-अलग पैकेज बताए गए हैं। इनकी कीमत ₹1,000 से शुरू होकर ₹2,000 तक जाती है और हर पैकेज में अलग-अलग सुविधाएं दी गई हैं।

₹1,000 में दो घंटे गरबा और मैचिंग कपड़े


सबसे सस्ता पैकेज सिल्वर पैकेज है, जिसकी कीमत ₹1,000 है। इसमें दो घंटे तक गरबा खेलने के साथ मैचिंग कपड़े और शुरुआती गरबा डांस सिखाने की सुविधा बताई गई है। इसके अलावा इस पैकेज में साथ में कुछ “अजीब लेकिन प्यारी सेल्फी” लेने का विकल्प भी दिया गया है। यानी गरबा खेलने के साथ सोशल मीडिया के लिए तस्वीरें भी खिंचवाई जा सकती हैं।

₹1,500 के गोल्ड पैकेज में रील और तस्वीरें

दूसरा पैकेज गोल्ड पैकेज है, जिसकी कीमत ₹1,500 रखी गई है। इसमें चार घंटे तक गरबा खेलने के साथ मैचिंग कपड़े, तस्वीरें और इंस्टाग्राम रील बनाने की सुविधा बताई गई है। इस पैकेज में एक और मजेदार चीज शामिल है। पोस्ट के मुताबिक, ग्राहक और पार्टनर की मुलाकात की एक “प्यारी कहानी” भी बनाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर पार्टनर ग्राहक के दोस्तों को ‘भाई’ और ‘भाभी’ कहकर बुला सकता है।

₹2,000 में पूरे दिन गरबा, झुमका और दुपट्टा संभालने में भी मदद

सबसे महंगा प्लेटिनम पैकेज ₹2,000 का है। इसमें पूरे दिन गरबा खेलने का दावा किया गया है। साथ ही बेहतरीन गरबा स्टेप्स करने में मदद, दुपट्टा और झुमका ठीक कराने जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। पोस्ट में गरबा खत्म होने के बाद माथे पर किस और घर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए सवारी की सुविधा का भी जिक्र है।

लोगों ने पूछा- ऑफर असली है या मजाक?

पोस्ट सामने आने के बाद कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। कई लोगों ने मजाकिया अंदाज में सस्ते पैकेज की मांग की, जबकि कुछ यूजर्स ने पूछा कि यह ऑफर वास्तव में उपलब्ध है या सिर्फ मनोरंजन के लिए बनाया गया है। एक यूजर ने ₹100 वाला पैकेज होने के बारे में पूछा। वहीं दूसरे ने ₹2,000 वाले पैकेज को ₹100 के बजट में देने की बात मजाक में कही। एक अन्य यूजर ने पूछा कि यह असली ऑफर है या सिर्फ प्रैंक, क्योंकि उसे वास्तव में गरबा पार्टनर की जरूरत है।

View this post on Instagram

नवरात्रि से पहले क्यों वायरल हुआ यह आइडिया?

नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऐसे में अकेले गरबा खेलने वालों के लिए पार्टनर ‘किराए’ पर देने का यह अनोखा विचार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

सिर्फ सोकर जीतिए 13.7 लाख रुपये! क्या आपकी नींद इतनी अच्छी है कि आप बन सकते हैं विजेता?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।