आज के दौर में पेरेंटिंग करना बिल्कुल भी आसान नहीं है, खासकर तब जब आप पर पैसों की चिंता और करियर के दबाव हो तो। हाल ही में 24 साल के एक युवक का पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। इस पोस्ट में युवक ने पेरेंटिंग में होने वाले दिक्कतों के बारे में बात की है। युवक की शादी 22 साल की उम्र में हुई थी। दो साल बाद वह एक बच्चे का पिता बन चुका है और साथ ही डॉक्टर बनने की तैयारी भी कर रहा है। उसका कहना है कि वह अपने बच्चे से बहुत प्यार करता है, लेकिन पढ़ाई और फुल-टाइम पैरेंटिंग के बीच बैलेंस बनाना उसके लिए काफी मुश्किल हो रहा है। युवक का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस पोस्ट पर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।
Reddit पर बात करते हुए, 24 साल के पिता ने बताया, “कुछ हालात और परिवार के बहुत ज्यादा दबाव की वजह से, मुझे लगभग 22 साल की उम्र में शादी करनी पड़ी। मैं इसके लिए दिमागी तौर पर तैयार नहीं था, लेकिन पीछे हटना कोई ऑप्शन नहीं था। मेरा एक बेटा है। वह इस फरवरी में 2 साल का हो जाएगा। मैं उससे प्यार करता हूं, यह तो सवाल ही नहीं है। लेकिन असलियत बहुत कड़वी है। मैं NEET की तैयारी कर रहा हूं, और मैं सच में पेरेंटिंग के साथ अपनी पढ़ाई मैनेज नहीं कर पा रहा हूं। मेरा दिन कभी मेरा नहीं होता। मेरे बेटे को लगातार ध्यान, इमोशनल मौजूदगी, समय चाहिए और मैं उस जिम्मेदारी से बच नहीं सकता, न ही मैं बचना चाहता हूं। लेकिन इस वजह से, मेरी तैयारी खराब हो रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “जब मैं किताबें लेकर बैठता हूं तो मेरा ध्यान कहीं और भटक जाता है। मैं थका हुआ उठता हूं और थका हुआ ही सो जाता हूं। कंसिस्टेंसी पूरी तरह टूट चुकी है और फोकस भी बिखर गया है। लोग कहते हैं कि टाइम मैनेजमेंट करो, लेकिन जब कोई दूसरा इंसान हर छोटी-बड़ी चीज के लिए पूरी तरह आप पर निर्भर हो, तो समय संभालना आसान नहीं होता। मैं एक जिम्मेदार पिता बनने और डॉक्टर बनने के अपने सपने को छोड़ने के बीच फंसा हुआ महसूस करता हूं। मुझे अपने बच्चे को लेकर कोई पछतावा नहीं है, लेकिन मैं ऐसे हालात में उलझा हुआ हूं जिन्हें मैंने खुद नहीं चुना। मुझे किसी की हमदर्दी नहीं चाहिए।”
सोशल मीडिया पर लोगों ने किया कमेंट
यूवक के इस पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किया है। एक यूजर ने कहा, “शादी भले ही परिवार का फैसला हो, लेकिन बच्चा पूरी तरह आपकी जिम्मेदारी होती है।” दूसरे यूजर ने लिखा, "मान लो तुम्हारा मेडिकल कॉलेज में चयन हो भी जाता है, तब भी मौजूदा हालात में पढ़ाई करना बहुत मुश्किल होगा। बेहतर है कि पहले कोई नौकरी कर लो और कुछ समय खुद को संभालो। क्योंकि जब तुम MBBS पूरा करोगे, तब तुम्हारी उम्र करीब 28–29 साल होगी और उस उम्र में करियर शुरू करना आसान नहीं होता।" एक और यूजर ने लिखा, “मैं खुद NEET की तैयारी कर रहा हूं और डॉक्टर बनने का सपना देख रहा हूं, इसलिए मुझे हैरानी है कि आपको यह समझ नहीं थी कि किसी भी हालात में बच्चा होने से बचने के क्या तरीके होते हैं।”