Online Fraud: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। केरल के कोझिकोड में 63 साल के एक व्यक्ति से कथित तौर पर ₹1.41 करोड़ की धोखाधड़ी की गई। ठगों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम और एक फर्जी वीडियो का इस्तेमाल किया। फेसबुक पर वायरल इस वीडियो में वित्त मंत्री के कथित तौर पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए आकर्षक रिटर्न देने का दावा किया गया था। पुलिस ने इसके बारे में रविवार को बताया। पुलिस के मुताबिक केरल के नाडुवन्नूर में स्थित नोचाड के अब्दुरहीमान पी (Abdurahiman P) ने शनिवार को कोझिकोड रूरल साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
