शादी-ब्याह का सीजन फिर से दस्तक दे चुका है और बाजारों में रौनक भी बढ़ गई है। फैशन एक्सपर्ट का कहना है कि लहंगे और ब्राइडल आउटफिट में पेस्टल रंगों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। इसकी शुरुआत अनुष्का शर्मा की शादी के बाद हुई थी, जब हल्के, कोमल और नाजुक शेड्स ने भारी लाल और मैरून रंगों को पीछे छोड़ दिया। आज की दुल्हनें फैशन के साथ-साथ स्टाइल और आराम दोनों को महत्व देती हैं। ये ट्रेंड सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं है बल्कि दुल्हन की सोच और व्यक्तित्व को भी दर्शाता है। हल्के रंग शादी के हर पल को यादगार बनाते हैं और दुल्हन को अपने स्टाइल के अनुसार व्यक्त होने की आजादी देते हैं। अब पेस्टल लहंगे हर शादी में खास स्थान बनाने लगे हैं।
हल्के रंगों के साथ लाल का टच
फैशन के अनुसार अब पेस्टल शेड्स जैसे बेंज, पीच और लाइट पिंक, मिंट ग्रीन, पाउडर ब्लू, रोज क्वार्ट्ज, डस्टी पीच और पिस्ता लड़कियों की पहली पसंद बन चुके हैं। लाल रंग अभी भी शुभ माना जाता है और इसे जोड़े में शामिल किया जाता है। लेकिन अब ये रंग भी हल्के शेड में पसंद किया जा रहा है ताकि लुक ज्यादा चटख न लगे।
आजकल दुल्हन ऐसे लहंगे चुनती हैं जो भारी न हों। लहंगा ऐसा होना चाहिए जिसे शादी के बाद भी पहन सकें। हल्की जरी वर्क, जरदोजी और एंब्रॉयडरी वाले लहंगे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। बनारसी सिल्क में बीड्स और रेशम के काम वाले लहंगे भी खूब पसंद किए जाते हैं। आप मार्केट से लहंगा खरीदकर उसमें अपने अनुसार पर्सनल टच भी जोड़ सकती हैं।
अब वो जमाना नहीं रहा जब दुल्हन सिर झुकाकर बैठती थी। आज की दुल्हन अपनी शादी के हर पल का मजा लेना चाहती है। इसलिए उसका पहनावा और जूलरी आरामदायक होना चाहिए। हल्की और मैचिंग जूलरी, चोकर और लांग नेकलेस का कॉम्बिनेशन बहुत पसंद किया जा रहा है। टेंपल जूलरी और चूड़ियों का क्रेज भी अब वापस आया है।
पेस्टल लहंगे स्टाइलिंग टिप्स
सॉफ्ट ज्वेलरी चुनें: हल्के सोने, मोती या पोल्की के आभूषण पेस्टल लहंगे के साथ अच्छे दिखते हैं।
मेकअप हल्का रखें: चेहरा फोकस में आए, मुलायम गुलाबी, बेरी या लैवेंडर टोन अपनाएं।
टोनल लेयरिंग करें: एक ही रंग के शेड्स को मिलाकर गहराई और स्टाइल बढ़ाएं।
कढ़ाई और पैटर्न को दिखाएं: हल्के रंगों में धागों और सेक्विन का डिज़ाइन ज्यादा साफ दिखता है।
सिल्हूट संतुलित रखें: स्ट्रक्चर्ड ब्लाउज या स्वीपिंग स्कर्ट के साथ पेस्टल रंग बहुत आकर्षक लगता है।
लॉन्ग-टर्म इस्तेमाल: रिसेप्शन, त्योहार या दूसरी शादी में भी आसानी से पहन सकते हैं।