53 रिश्ते आए और चले गए, लेकिन एक लड़की पर अटक गया दिल… जानिए Excel वाले दूल्हे की कहानी

पुणे के 29 वर्षीय विकास लोहटिया ने अरेंज्ड शादी की तलाश को आसान बनाने के लिए एक Excel शीट तैयार की। इसमें वह संभावित रिश्तों की जानकारी और बातचीत का रिकॉर्ड रखते थे। करीब एक साल में 53 प्रोफाइल देखने के बाद आखिरकार उन्हें अपनी जीवनसंगिनी मिल गई। अब दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हैं

अपडेटेड Aug 13, 2026 पर 12:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जब विकास ने अपनी Excel शीट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, तो वह वायरल हो गया।

पुणे के 29 वर्षीय विकास लोहटिया की शादी की तलाश का तरीका थोड़ा अलग था। अरेंज मैरिज के लिए आने वाले रिश्तों को याद रखना और उनकी जानकारी संभालना आसान हो, इसलिए उन्होंने एक Excel शीट बना ली। इसमें वह संभावित रिश्तों और बातचीत से जुड़ी जरूरी बातें दर्ज करते थे। देखते ही देखते यह साधारण-सी शीट उनके लिए शादी की तलाश का पूरा ट्रैकर बन गई। करीब एक साल में विकास ने 53 प्रोफाइल देखीं और कई लोगों से बातचीत की। इस दौरान उनकी मुलाकात एक ऐसी लड़की से हुई, जिसके साथ बात आगे बढ़ती चली गई। दोनों के बीच करीब नौ महीने तक बातचीत हुई और धीरे-धीरे रिश्ता पक्का हो गया।

खास बात यह है कि जिस Excel शीट ने उनकी शादी की तलाश को व्यवस्थित किया था, आखिरकार उसी सफर का सुखद अंत भी हो गया। अब दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हैं और जून 2027 में शादी की तैयारी चल रही है।

53 रिश्तों के बाद मिली पसंद


विकास ने पिछले साल अक्टूबर में यह ट्रैकर बनाना शुरू किया था। इसी दौरान नवंबर में उनकी मुलाकात अपनी होने वाली पत्नी से हुई। दोनों के बीच करीब 9 महीने तक बातचीत चली। विकास की मंगेतर गुरुग्राम में प्रोफेसर हैं और दोनों की मुलाकात Jeevansathi के जरिए हुई थी। परिवारों की सहमति के बाद अब दोनों शादी की तैयारी कर रहे हैं। शादी जून 2027 में होने की उम्मीद है।

पहली बातचीत में ही समझ आ गई बात

विकास के मुताबिक, दोनों के बीच कई चीजों को लेकर सोच मिलती थी। खासकर भविष्य, नौकरी और लाइफस्टाइल को लेकर उनकी उम्मीदें एक जैसी थीं। विकास ने बताया कि पहली बातचीत में उन्होंने अपनी असली सैलरी से आधी रकम बताई। वह देखना चाहते थे कि सामने वाला व्यक्ति पैसे और लाइफस्टाइल को किस नजर से देखता है। जब उनकी मंगेतर ने कहा कि दोनों कमाकर आराम से जिंदगी चला सकते हैं, तो विकास को उनकी सोच पसंद आई। बाद में उन्होंने अपनी असली सैलरी बताई और दोनों इस बात पर हंस पड़े।

दोनों की जड़ें भी एक जैसी

विकास और उनकी मंगेतर दोनों हरियाणवी हैं। विकास पिछले 12 साल से पुणे में रह रहे हैं, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े हुए हैं। उन्हें लगा कि इस समानता ने भी दोनों को एक-दूसरे को समझने में मदद की।

Excel शीट क्यों बनाई थी?

विकास ने यह शीट सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि अपने माता-पिता की परेशानी कम करने के लिए बनाई थी। जब भी उनके माता-पिता किसी नए रिश्ते की जानकारी भेजते, तो वह शाम तक उसका अपडेट मांगते थे। इसलिए विकास ने सभी रिश्तों की जानकारी एक जगह रखना शुरू कर दिया। शीट में यह दर्ज होता था कि किससे बात चल रही है, कौन-सा रिश्ता रुका हुआ है और कौन-सा खत्म हो चुका है।

excel

वायरल हुई तो बन गया नया सफर

जब विकास ने अपनी Excel शीट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, तो वह वायरल हो गया। लोगों को उनका तरीका मजेदार भी लगा और काम का भी। इसके बाद विकास ने अरेंज्ड मैरिज से जुड़े वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वह अब तक करीब 1,200 वीडियो पोस्ट करने की बात कहते हैं। ऑनलाइन वह हजारों लोगों को शादी के लिए रिश्ते तलाशने और इस पूरी प्रक्रिया को समझने की सलाह भी दे चुके हैं।

अब Excel की कहानी का सुखद अंत

विकास की मंगेतर को भी उनकी मशहूर Excel शीट के बारे में पता है। दोनों ने इस पर बात भी की है। जिस शीट में कभी 53 रिश्तों की जानकारी दर्ज थी, अब उसी सफर का सबसे खास नतीजा सामने है विकास को अपना साथी मिल गया है। सोशल मीडिया पर एक फॉलोअर ने मजाक में कहा कि दूसरों को शादी का रास्ता समझाते-समझाते विकास ने खुद ही ‘एग्जाम पास’ कर लिया। विकास ने भी हंसते हुए जवाब दिया कि कई कोशिशों के बाद आखिरकार उनका रिजल्ट आ ही गया।

Tinder-Bumble Scam: पहले डेट का प्लान, फिर कैब के नाम पर पैसे की मांग, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ठगी का दावा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।