ये सांप है या मछली... जमीन नहीं बल्कि पानी में रहता है ये जहरीला जीव, ये बातें आपको कर देंगी हैरान
अक्सर लोग सांपों को सिर्फ जमीन पर रहने वाला मानते हैं, लेकिन कुछ सांप पानी में रहने के लिए पूरी तरह अनुकूल होते हैं। ये नदियों और दलदलों में रहते हैं, अच्छे तैराक होते हैं, चपटी पूंछ और लंबे समय तक सांस रोकने की क्षमता की वजह से गहरे पानी में भी आसानी से जिंदा रह पाते हैं
कुछ जल-जीवी सांप पानी के अंदर जाकर मछलियों और दूसरे जलीय जीवों का शिकार करते हैं (Photo: Canva)
अक्सर जब हम सांपों के बारे में सोचते है तो हमें ये लगता है कि सांप केवल जमीन पर रेंगते हैं। लेकिन कुछ सांप ऐसे भी होते हैं जो पानी में रहने के लिए खुद को पूरी तरह ढाल चुके हैं। ये प्रजातियां नदियों, दलदलों और पानी से भरे जंगलों में आराम से रहती हैं और बेहतरीन तैराक मानी जाती हैं। पानी में रहने वाले इन सांपों की पूंछ चपटी होती है, जिससे उन्हें तैरने में मदद मिलती है। ये लंबे समय तक अपनी सांस रोक सकते हैं। इन्हीं खास खूबियों के कारण ये सांप गहरे और बहते पानी में भी आसानी से जिंदा रह पाते हैं।
कुछ जल-जीवी सांप पानी के अंदर जाकर मछलियों और दूसरे जलीय जीवों का शिकार करते हैं, जबकि कुछ सांप नदी या तालाब के किनारे छिपकर सही मौके का इंतजार करते हैं और फिर तेजी से वार करते हैं। आइए जानते हैं उन सांपों के बारे में जो पानी के अंदर रहते हैं।
1. ऑलिव सी स्नेक
ऑलिव सी स्नेक को गोल्डन सी स्नेक या ऑलिव-ब्राउन सी स्नेक भी कहा जाता है। ये समुद्री सांप दिखने में चिकना, मजबूत और थोड़ा खतरनाक लगता है। ये बेहतरीन तैराक होते हैं और लंबाई में करीब छह फीट तक बढ़ सकते हैं, जबकि इनका वजन लगभग साढ़े छह पाउंड तक हो सकता है। पतले शरीर और जहर के साथ ये पूरी तरह समुद्र के लिए बने होते हैं।
ये सांप ज्यादातर ऑस्ट्रेलिया और पापुआ न्यू गिनी के साफ़ पानी वाले कोरल रीफ में पाए जाते हैं। इनका रंग ऐसा होता है कि ये रेतीले और कोरल वाले समुद्री माहौल में आसानी से घुलमिल जाते हैं। इसी वजह से इन्हें समुद्र के सबसे स्मार्ट और एडॉप्टेबल सांपों में गिना जाता है।
2. ग्रीन एनाकोंडा
अगर ऑलिव सी स्नेक को सुंदर समुद्री इलाकों का निवासी माना जाए, तो ग्रीन एनाकोंडा पानी भरे इलाकों का सबसे ताकतवर और भारी सांप है। यह दक्षिण अमेरिका के दलदलों, गीली जमीन और धीमी बहने वाली नदियों में पाया जाता है। इसका शरीर बेहद लंबा और मजबूत होता है, जो इसे पानी में चुपचाप तैरने और शिकार करने में मदद करता है। ग्रीन एनाकोंडा 30 फीट से भी ज्यादा लंबा हो सकता है और इसका वजन करीब 550 पाउंड तक पहुंच सकता है।
ग्रीन एनाकोंडा जहरीला नहीं होता, बल्कि अपने शिकार को कसकर जकड़ लेता है। जब तक शिकार हिलना बंद न कर दे, तब तक यह अपनी पकड़ ढीली नहीं करता। इसी वजह से इसे साँपों की दुनिया का सबसे ताकतवर शिकारी माना जाता है।
3. बैंडेड सी क्रेट
बैंडेड सी क्रेट एक बेहद खूबसूरत समुद्री सांप है, जिसकी पहचान काली-नीली धारियों से होती है। ये दिखने में जितना आकर्षक लगता है, उतना ही दिलचस्प इसका स्वभाव भी है। ये सांप इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के गर्म समुद्री पानी में पाए जाते हैं। खास बात ये हैं कि ये समुद्र और जमीन दोनों जगह आसानी से रह सकते हैं। आमतौर पर बैंडेड सी क्रेट की लंबाई 4 से 5 फीट के बीच होती है।
दिखने में पतले होने के बावजूद ये काफी जहरीले होते हैं और शिकार को जल्दी पकड़ लेते हैं। अच्छी बात यह है कि ये इंसानों से दूर रहते हैं और आक्रामक नहीं होते, बल्कि कोरल रीफ़ में ईल और छोटी मछलियों की तलाश करते रहते हैं।
4. पीले पेट वाला सी स्नेक
पीले पेट वाला सी स्नेक समुद्रों में सबसे ज्यादा घूमने वाला सांप माना जाता है। ज्यादातर सांप जहां किनारों या चट्टानों के पास रहते हैं, वहीं यह प्रजाति पूरी तरह खुले समंदर पर निर्भर होती है। यह अपनी लगभग पूरी जिंदगी समुद्र में तैरते और लहरों के साथ बहते हुए गुजार देती है। इन सांपों को गर्म पानी और समुद्री धाराएं पसंद होती हैं, इसलिए ये बहुत दूर-दूर तक फैल जाते हैं। कई बार ये तूफानों और बहती समुद्री लहरों के साथ भी बहते चले जाते हैं, जैसे प्रकृति खुद इन्हें एक जगह से दूसरी जगह पहुंचा रही हो।
5. चेकर्ड कीलबैक
चेकर्ड कीलबैक एक ऐसा सांप है जो ये साबित करता है कि रोचक होने के लिए जहरीला होना जरूरी नहीं होता। ये दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में नदियों, तालाबों और दलदली इलाकों के आसपास पाया जाता है और मीठे पानी में रहने में माहिर होता है। यह पानी के पौधों के बीच आराम से तैरता है और कई बार धूप लेने के लिए जमीन पर भी आ जाता है। इस सांप की पीठ पर बने चौकोर-चौकोर निशान इसे आसानी से पहचानने लायक बनाते हैं।
ये सांप दिखने में यह भले ही शांत लगता हो, लेकिन शिकार के मामले में काफी चालाक होता है। यह मछलियों, मेंढकों और कभी-कभी छोटे चूहों को भी पकड़ लेता है। जहर न होने के बावजूद, यही खूबियां इसे पानी वाले इलाकों का एक सफल शिकारी बनाती हैं।
6. रेनबो वॉटर स्नेक
रेनबो वॉटर स्नेक एक बेहद खूबसूरत मीठे पानी का सांप है, जिसे नदियों और झरनों की शान कहा जा सकता है। यह दक्षिण-पूर्व एशिया में नदियों, दलदलों और पानी से भरे जंगलों में पाया जाता है और अक्सर पानी की सतह के ठीक नीचे आराम से तैरता नजर आता है। इस सांप की सबसे बड़ी पहचान इसके चमकदार स्केल्स हैं, जो धूप पड़ते ही इंद्रधनुष जैसे रंग दिखाने लगते हैं। अलग-अलग एंगल से देखने पर इसके रंग बदलते हुए लगते हैं।
अच्छी बात ये है कि यह जहरीला नहीं होता, लेकिन इसे कमजोर समझना सही नहीं है। यह काफी फुर्तीला शिकारी होता है और मछलियों, मेंढकों व छोटे जलीय जीवों को आसानी से पकड़ लेता है।