संगारेड्डी (तेलंगाना), (ANI): कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की जिंदगी पर तेलुगु फिल्म बनाई जाएगी। तेलंगाना कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान इसका ऐलान किया। यह फिल्म सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर आधारित होगी। इसमें उनकी निजी जिंदगी और राजनीतिक सफर दिखाया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस नेता जुलाकंति अंजनेयुलु ने फिल्म के लिए 2 करोड़ रुपये देने की बात कही।
जग्गा रेड्डी ने फिल्म की तैयारी के लिए 50 लोगों की समिति बनाने का सुझाव दिया है। गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) हरिप्रसाद इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने बताया कि एक अच्छे डायरेक्टर को चुना जाएगा। तैयारी पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को फिल्म की शूटिंग शुरू करने के कार्यक्रम में बुलाया जाएगा।
फिल्म में दिखेगी सोनिया गांधी की पूरी कहानी
जग्गा रेड्डी के मुताबिक, फिल्म में सोनिया गांधी की जिंदगी के कई अहम हिस्से दिखाए जाएंगे। इसमें परिवार के साथ उनके रिश्ते और राजनीति में आने के बाद के सफर को भी दिखाया जाएगा। फिल्म में इन बातों पर खास ध्यान रहेगा:
सोनिया गांधी ने भारत जैसे अलग-अलग धर्मों, जातियों और भाषाओं वाले देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके मुताबिक, सोनिया गांधी ने देश की राजनीति को अच्छी तरह समझा और इसमें अहम भूमिका निभाई।
सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था PM पद?
जग्गा रेड्डी ने कहा कि सोनिया गांधी ने दो बार प्रधानमंत्री बनने से इनकार किया था। राजीव गांधी की हत्या के बाद पीवी नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने थे। वहीं, 2004 में UPA की सरकार बनने पर कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री बनने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और मनमोहन सिंह को इस पद के लिए चुना।
उन्होंने यह भी कहा कि मनरेगा योजना बनाने में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के सुझाव शामिल थे। सोनिया गांधी चाहती थीं कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें। उनकी आत्मकथा की किताबें भी मंगवाई जाएंगी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दी जाएंगी, ताकि वे उनके जीवन के बारे में जान सकें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।