SpiceJet News: सैकड़ों हवाई यात्रियों के उस समय होश उड़ गए जब गोवा से पुणे के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट विमान की खिड़की का फ्रेम हवा में उखड़ गया। हालांकि यात्रियों की सुरक्षा पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि पुणे एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद फ्रेम को ठीक कर दिया गया। स्पाइसजेट की तरफ से हालांकि अन्य डिटेल्स शेयर नहीं किए गए। स्पाइसजेट ने यह भी कहा कि पूरी उड़ान के दौरान केबिन में दबाव सामान्य रहा। यात्रियों की सुरक्षा पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा, "Q400 विमान में से एक की कॉस्मेटिक (आंतरिक) खिड़की का फ्रेम उड़ान के दौरान ढीला हो गया और उखड़ गया।" एयरलाइन ने कहा कि जो हिस्सा उखड़ गया था, उसे छाया के उद्देश्य से खिड़की पर लगाया गया था। इससे किसी भी तरह से विमान की सुरक्षा से समझौता नहीं हुआ।
एयरलाइन ने यह भी कहा कि विमान में खिड़कियों के कई लेयर लगे हैं। इसमें एक मजबूत, दबाव सहने वाला बाहरी शीशा भी शामिल है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि यात्रियों की सुरक्षा को कभी भी खतरा न हो, भले ही कोई कॉस्मेटिक ढीला हो जाए। उन्होंने कहा कि अगले स्टेशन पर उतरने पर फ्रेम को ठीक कर दिया गया।
स्पाइसजेट ने बयान में कहा, "Q400 विमान में कई खिड़कियां लगी हैं, जिनमें मजबूत, दबाव सहने वाला बाहरी शीशा भी शामिल है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि यात्रियों की सुरक्षा को कभी खतरा न हो। यहां तक कि सतही या कॉस्मेटिक घटक के ढीले होने की अप्रत्याशित घटना में भी...।"
विमान की उड़ान योग्यता पर सवाल उठाते हुए एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विमान की उखड़ी हुई खिड़की का वीडियो पोस्ट किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई फुटेज में दिखाया गया है कि स्पाइसजेट विमान की खिड़की का फ्रेम बीच उड़ान में पूरी तरह से ढीला हो गया है। हालांकि, कोई यात्री घायल नहीं हुआ। एयरलाइन ने कहा कि किसी भी समय यात्रियों को कोई वास्तविक खतरा नहीं था।
यात्री ने पोस्ट में विमानन सुरक्षा नियामक DGCA को टैग करते हुए कहा, "आज स्पाइसजेट (उड़ान) गोवा से पुणे जा रही है। विमान का पूरा आंतरिक खिड़की ढांचा बीच उड़ान में ही गिर गया। अब इस विमान को जयपुर के लिए उड़ान भरनी है। आश्चर्य है कि क्या यह उड़ान के योग्य है?"
फ्लाइट में सवार एक यात्री ने 'इंडियन एक्सप्रेस' को बताया कि गोवा से उड़ान भरने के आधे घंटे के भीतर ही विमान की खिड़की उखड़ गई। उसने कहा, "मैं एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद गोवा से पुणे वापस जा रहा था। मेरे पीछे एक महिला बैठी थी। उसके साथ एक बच्चा था। उड़ान भरने के आधे घंटे बाद खिड़की अचानक बाहर आ गई। महिला डर गई। यह बहुत चिंताजनक था।"