सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो श्रीलंका के एक पादरी फादर जेरोम फर्नांडो का है। वीडियो में वह एयर इंडिया प्लेन क्रैश से महीनों पहले ऐसी दुर्घटना होने की भविष्यवाणी करते दिख रहे हैं। वीडियो को अरबपति बिजनेसमैन और आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है। 1.33 मिनट की क्लिप में फादर फर्नांडो दो बार ऐसी हवाई दुर्घटना को लेकर चेतावनी देते दिख रहे हैं।
पहली बार 26 नवंबर 2024 को। उस वक्त उन्होंने भारतीयों से कहा था कि उन्होंने भारत की राष्ट्रीय एयरलाइन के लिए देश के अंदर ही बीच हवा में खतरा देखा है। वह भारत और इसकी राष्ट्रीय एयरलाइन के लिए प्रार्थना करते हैं। दूसरी बार 24 अप्रैल 2025 को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर्स को लाल रंग की बॉडी वाले प्लेन में यात्रा न करने की सलाह दी।
एयर इंडिया की बोइंग 787-8 प्लेन वाली फ्लाइट AI171 ने गुरुवार, 12 जून को दोपहर 1.38 बजे ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद एयरपोर्ट के पास मेघाणी नगर इलाके में यह क्रैश हो गई। इसमें चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। प्लेन बीजे मेडिकल कॉलेज एवं सदर अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के हॉस्टल, और आवासीय क्वार्टरों के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। प्लेन जहां गिरा, वहां और उसके आसपास मौजूद लोग और गाड़ियां भी चपेट में आ गए। हादसे में प्लेन के 241 यात्रियों सहित 270 लोगों की मौत हो गई।
2022 में टाटा ग्रुप के पास वापस गई थी एयर इंडिया
एयर इंडिया को जेआरडी टाटा ने 1932 में Tata Airlines के नाम से शुरू किया था। 1953 में इसका राष्ट्रीयकरण हो गया और यह एयर इंडिया नाम से सरकारी कंपनी बन गई। 2022 में कंपनी का प्राइवेटाइजेशन हुआ और यह फिर से टाटा ग्रुप की झोली में आ गई। एयर इंडिया के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर केंपबेल विल्सन ने गुरुवार के हादसे पर कहा है कि एयर इंडिया में हम सभी के लिए मुश्किल समय है।
वीडियो के 3 लाख से ज्यादा व्यूज
इस वीडियो को अब तक तीन लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इंटरनेट यूज़र्स ने इस पर अलग-अलग तरह के रिस्पॉन्स दिए हैं। एक एक्स यूजर डॉ. नीलिमा श्रीवास्तव ने दावा किया कि जेरोम फर्नांडो तथ्यात्मक रूप से गलत हैं क्योंकि उन्होंने हवा में दुर्घटना कहा था। जबकि दुर्घटना टेकऑफ के समय हुई। रेड बॉडी का अनुमान लगाना आसान था, क्योंकि एयर इंडिया को कई तकनीकी गड़बड़ियों का सामना करना पड़ा है।
एक दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि एयरलाइन कंपनियों को फादर फर्नांडो को हायर कर लेना चाहिए ताकि वे उनकी भविष्यवाणियों के आधार पर अपने प्लेन के रंग या रूट बदल सकें। एक और यूजर ने लिखा कि लगता है कि यह भारत के खिलाफ एक बड़ी साजिश थी। कुछ यूजर्स ने इस भविष्यवाणी को केवल एक संयोग बताया है, वहीं कुछ ने इसे बकवास करार देते हुए हर्ष गोयनका को भी ऐसा सब शेयर न करने की सलाह दी है।
कौन हैं जेरोम फर्नांडो, पिछले साल हुए थे गिरफ्तार
पादरी जेरोम फर्नांडो श्रीलंका में ग्लोरियस चर्च के प्रमुख हैं। यूसीए न्यूज के अनुसार, वे खुद को ईश्वर का दूत मानते हैं। उनके फैन्स में क्रिकेटरों सहित श्रीलंका की मशहूर हस्तियां शामिल हैं। फर्नांडो को पिछले साल 1 दिसंबर को आपराधिक जांच विभाग (CID) ने यह कहने के लिए गिरफ्तार किया था कि बुद्ध, यीशु की तलाश कर रहे थे। इस बयान पर बौद्ध बहुल श्रीलंका में उनकी आलोचना हुई थी। एक धर्मोपदेश में, फर्नांडो ने जोर देकर कहा कि हर बौद्ध को यीशु की जरूरत है। उन्होंने तर्क दिया कि बुद्ध आत्मज्ञान की तलाश कर रहे थे और इसलिए यीशु की तलाश कर रहे थे।
इतना ही नहीं उन्होंने मुस्लिमों के साथ-साथ हिंदुओं पर भी निशाना साधा था। अपने धर्मोपदेश के दौरान पूछा था, "वे (हिंदू) हाथी जैसे दिखने वाले भगवान की पूजा क्यों करते हैं? वे गायों की पूजा क्यों करते हैं?" फर्नांडो के आलोचकों ने उन पर बौद्ध धर्म, इस्लाम और हिंदू धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया।