Tej Pratap Yadav Girl Friend Anushka Yadav: बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने शनिवार (24 मई) को दावा किया कि उनका फेसबुक पेज हैक कर लिया गया था। उन्होंने यह दावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट वायरल होने के कुछ घंटों बाद किया गया जिसमें कहा गया था कि वह एक युवती के साथ रिलेशनशिप में हैं। तेज प्रताप यादव शनिवार को सोशल मीडिया पर उस समय चर्चा में आ गए जब उनके फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि वह 12 साल से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में हैं। हालांकि, तेज प्रताप ने अब दावा किया है कि उनका पेज हैक हो गया है।
इस तस्वीर पर बवाल इसलिए मचा क्योंकि तेजप्रताप यादव का उनकी पहली पत्नी से अभी तलाक का पटना केस कोर्ट में चल रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे की विवादित फेसबुक पोस्ट अब हटा दी गई है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक पोस्ट में कहा, "मेरे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म को हैक एवं मेरे तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट कर मुझे और मेरे परिवार वालो को परेशान और बदनाम किया जा रहा है। मैं अपने शुभचिंतको और फॉलोवर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफ़वाह पर ध्यान न दें...।"
फेसबुक पोस्ट में कहा गया था, "मैं तेज प्रताप यादव, और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है! हम दोनों पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार भी करते हैं। हमलोग पिछले 12 सालों से रिश्ते में हैं।"
हालांकि, सोशल मीडिया पर लोगों को यह बात पसंद नहीं आई। कई लोगों ने 37 वर्षीय तेज प्रताप पर उनकी शादी को लेकर तंज कसा, जो 2018 में काफी धूमधाम से हुई थी। यह अभी तक पता नहीं चल पाया है कि यादव ने पोस्ट और हैक फेसबुक पेज के बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है या नहीं।
तेज प्रताप ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती ऐश्वर्या से शादी की थी। हालांकि, कुछ ही महीनों के भीतर ऐश्वर्या ने यह आरोप लगाते हुए घर छोड़ दिया कि उनके पति और ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया है। इसके बाद, ऐश्वर्या के पिता एवं पूर्व मंत्री चंद्रिका राय ने RJD छोड़ दी और अपनी बेटी की लड़ाई राजनीतिक और कानूनी रूप से लड़ने का संकल्प लिया।
कपल की तलाक याचिका पटना फैमिली कोर्ट में लंबित है। तब से दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इस बीच, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तेज प्रताप ने हैक किए गए फेसबुक पेज और पोस्ट के बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है या नहीं। फिर भी, उन्होंने अपने समर्थकों और अनुयायियों से सतर्क रहने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने का आग्रह किया।