एक लड़की शनिवार को मवेशियों के लिए चारा लेने घर से निकली, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। रविवार को उत्तर प्रदेश के एक गांव में खेत में खून से लथपथ उसकी लाश मिली, जिस पर नुकीले हथियार से कई वार किए गए थे। इस वारदात को उस शख्स ने अंजाम दिया, जो ये दावा करता था कि वो उस लड़की से प्यार करता है। उसने बड़ी बेरहमी से पेचकस उस पर एक बाद एक वार किए और उसकी जान ले ली।
सायरा जब शाम तक घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों ने उसे हर जगह तलाश किया। उसका शव अगले दिन ही मिला, जब वे उसे मुरादाबाद के कोतवाली मैनाठेर के खेतों में ढूंढने गए।
पुलिस को शुरू में शक था कि उसकी हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया था, क्योंकि उसके निजी अंगों से खून बह रहा था। हालांकि, पोस्टमॉर्टम से पुष्टि हुई कि उसके साथ बलात्कार नहीं हुआ था और यह भी संकेत मिला कि उसे किसी धारदार हथियार से मारा गया था।
जांच के दौरान पुलिस को सायरा के मोबाइल फोन पर पांच मिस्ड कॉल मिले। जिस नंबर से कॉल की गई थी, उसकी जांच की गई, तो पता चला कि वह रफी नाम का एक शख्स है, जो महिला के ही गांव में रहता है।
सायरा की मां सफीना ने पुलिस को बताया कि रफी उनकी बेटी को परेशान करता था। इसके बाद पुलिस ने रफी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान रफी ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने ही सायरा की हत्या की है।
'हत्या के बाद नहाया, सो गया'
रफी ने कहा कि वह सायरा से प्यार करता था, लेकिन वह उसकी भावनाओं की कदर नहीं करती थी। उसने कहा कि कुछ दिन पहले उसने गांव के ही एक आदमी से उसकी पिटाई करवाई थी। उसे शक था कि सायरा उस आदमी के साथ रिलेशनशिप में थी, जिसने उसकी पिटाई की थी।
घटना के बाद वह दो दिन तक सायरा का पीछा करता रहा। पुलिस ने बताया कि शनिवार को वह उसका पीछा करते हुए खेत में गया और उस पर 18 बार पेचकस से वार किया।
पुलिस ने कहा, "जब सायरा दर्द से तड़पने लगी और रफी से अपनी जान की भीख मांगने लगी, तो उसने उसके गुप्तांगों में पेचकस घोंप दिया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने उसे हिलाया और जब उसे यकीन हो गया कि सायरा मर चुकी है, तो वह घर गया, नहाया, अपने कपड़े बदले और सो गया।"
रफी ने बताया कि उसने सायरा पर करीब 18 बार चाकू से वार किया था। पुलिस ने बताया कि रफी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है।