महिला ने सिर्फ £1 में खरीदी थी अंगूठी, एक्सपर्ट ने देखा तो मुगलकाल की 22 कैरेट सोने और हीरे-रूबी से बनी बेशकीमती ज्वेलरी निकली

ब्रिटेन की चैरिटी शॉप से 1 पाउंड में खरीदी गई अंगूठी मुगलकालीन भारतीय ज्वेलरी निकली। 22 कैरेट सोने, हीरे और रूबी से बनी इस अंगूठी की कीमत 2,000 पाउंड आंकी गई

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 8:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

ब्रिटेन की एक चैरिटी शॉप से महज 1 पाउंड में खरीदी गई एक अंगूठी ने महिला को ऐसा सरप्राइज दिया जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी। महिला को यह अंगूठी देखने में पसंद आई थी, इसलिए उसने इसे खरीद लिया। उसे अंदाजा भी नहीं था कि साधारण दिखने वाली यह ज्वेलरी दरअसल भारत के मुगलकाल से जुड़ा एक ऐतिहासिक आभूषण है। जब इस अंगूठी को विशेषज्ञ ने देखा तो पता चला कि यह 22 कैरेट सोने से बनी है और इसमें हीरे, रूबी जड़े हुए हैं। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2000 पाउंड यानी 1 पाउंड की खरीद कीमत से लगभग 2000 गुना ज्यादा आंकी गई।

यह दिलचस्प मामला BBC के कार्यक्रम Antiques Roadshow में सामने आया। महिला अपनी अंगूठी की कीमत और उसके बारे में जानने के लिए कार्यक्रम में पहुंची थी। वहां ज्वेलरी एक्सपर्ट जॉन बेंजामिन ने अंगूठी को ध्यान से देखा। शुरुआत में यह सामान्य कॉस्ट्यूम ज्वेलरी जैसी लग रही थी, लेकिन इसके पिछले हिस्से पर बने खास डिजाइन ने विशेषज्ञ का ध्यान खींचा।

अंगूठी के पीछे बने डिजाइन से मिला अहम सुराग


जॉन बेंजामिन ने अंगूठी के पिछले हिस्से पर बांसुरी जैसी धारियों और सूरज की किरणों जैसा पैटर्न देखा। BBC के मुताबिक, इस तरह की सजावट जॉर्जियन काल के आभूषणों में भी देखने को मिलती है। यह दौर लगभग 1790 से 1800 के बीच का माना जाता है। इस खास डिजाइन को देखकर विशेषज्ञ ने अंगूठी की बनावट, उसमें इस्तेमाल धातु और रत्नों की बारीकी से जांच की।

22 कैरेट सोना, हीरा और रूबी से बनी थी अंगूठी

जांच में पता चला कि अंगूठी चमकीले पीले रंग के 22 कैरेट सोने से बनी है। इसके बीच में लगा पत्थर पहली नजर में धूसर और कुछ फीका दिखाई दे रहा था। वही, उसके आसपास कई छोटे लाल पत्थर जड़े हुए थे। लेकिन जांच के बाद पत्थर की पहचान हीरे के रूप में हुई, जबकि आसपास लगे लाल पत्थर रूबी निकले। जॉन बेंजामिन ने इस आभूषण को भारत में बना मुगलकालीन अंगूठी बताया। इसमें इस्तेमाल सोने, कीमती रत्नों और खास डिजाइन ने इसे बेहद दिलचस्प बना दिया। उन्होंने इसकी अनुमानित कीमत करीब 2000 पाउंड लगाई।

1 पाउंड की खरीद बनी यादगार सौदा

महिला ने यह अंगूठी किसी ऐतिहासिक या कीमती आभूषण की तलाश में नहीं खरीदी थी। वह ब्रिटेन की एक स्थानीय चैरिटी शॉप में दूसरे कॉस्ट्यूम ज्वेलरी आइटम के बीच रखी अंगूठी को देखकर आकर्षित हुई और सिर्फ 1 पाउंड देकर उसे खरीद लिया।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।