Israel-Hamas Ceasefire: इजराइल और हमास के बीच मुश्किल से हुए युद्धविराम पर एक बार फिर खतरा मंडरा रहा है। इजराइली सेना द्वारा हमास पर हमले तेज करने के बाद गाजा में स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई है। बुधवार को गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी ने एएफपी को बताया कि इजराइली हमलों में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं, जबकि दर्जनों अन्य घायल हुए हैं। ये हमले मंगलवार को शुरू हुए, जब इजराइली सेना ने हमास पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। इसी बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति JD वेंस ने ये दावा किया है कि छोटी-मोटी झड़पों के बावजूद युद्धविराम कायम है।
गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी के प्रवक्ता महमूद बसल ने कहा, 'इजराइली हमलों में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं और दर्जनों घायल हुए हैं। हमारी टीमें अभी भी मलबे के नीचे से शवों और घायलों को निकालने का काम कर रही हैं।' रॉयटर्स ने स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि इन हमलों में मध्य गाजा पट्टी के बुरेइज शरणार्थी शिविर में एक घर पर हमला हुआ, जिसमें पांच लोग मारे गए। इसके अलावा गाजा सिटी के सबरा इलाके और खान यूनिस में भी हमले हुए, जिनमें कुल मिलाकर 26 से अधिक लोगों की मौत हुई।
अमेरिकी उप-राष्ट्रपति JD वेंस का दावा- बरकरार है सीजफायर
इजराइल के हमलों और गाजा में मौतों की खबरों के बावजूद, पिछले हफ्ते इजराइल का दौरा करने वाले अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कुछ और ही दावा किया है। वेंस ने पत्रकारों से कहा कि मंगलवार की 'छोटी-मोटी झड़पों' के बावजूद युद्धविराम कायम है। उन्होंने कहा, 'इसका मतलब यह नहीं है कि यहां-वहां छोटी-मोटी झड़पें नहीं होंगी... हम जानते हैं कि हमास या गाजा के किसी और ने एक इजराइली सैनिक पर हमला किया। हम उम्मीद करते हैं कि इजराइली जवाब देंगे, लेकिन मुझे लगता है कि राष्ट्रपति की शांति कायम रहेगी।'
नेतन्याहू ने लगाए सीजफायर तोड़ने के आरोप, हमास ने किया पलटवार
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि हमास ने बंधकों के शवों को लौटाने की प्रक्रिया में गलत अवशेष सौंपकर युद्धविराम का उल्लंघन किया है। नेतन्याहू ने कहा कि सोमवार को सौंपे गए अवशेष ओफिर नामक एक इजराइली के थे, जिसका शव पहले ही युद्ध के दौरान इजराइली सैनिकों द्वारा आंशिक रूप से बरामद कर लिया गया था।
हमास ने पहले एक लापता बंधक का शव सौंपने की बात कही थी, लेकिन बाद में अपने सशस्त्र विंग अल-कस्साम ब्रिगेड ने इसे इजराइल द्वारा युद्धविराम के उल्लंघन का हवाला देते हुए टाल दिया। हमास ने यह भी आरोप लगाया कि नेतन्याहू इजराइल की जिम्मेदारियों से पीछे हटने के लिए बहाने तलाश रहे हैं।
आपको बता दें कि अमेरिका की मध्यस्था में इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौता 10 अक्टूबर को लागू हुआ था, जिसने 7 अक्टूबर 2023 को हमास-नेतृत्व वाले हमलों से शुरू हुए दो साल के युद्ध को रोका था। इस समझौते के तहत, हमास ने सभी जीवित बंधकों को लगभग 2,000 फिलिस्तीनी कैदियों और युद्ध बंदियों के बदले रिहा किया था, जबकि इजराइल ने अपनी सेना को वापस खींच लिया था।