Trump Tariff: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के बाद अब कनाडा पर भी टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने कनाडा से अमेरिका में आने वाले सामनाों पर 35 प्रतिशत का भारी-भरकम टैरिफ लगाने की घोषणा की है। यह नया टैरिफ 1 अगस्त 2025 से लागू होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक लेटर जारी करते हुए कहा, "अमेरिका के साथ सहयोग करने के बजाय कनाडा ने पलटवार करते हुए खुद टैरिफ लगा दिए। इसलिए 1 अगस्त 2025 से, अमेरिका कनाडा से आने वाले उत्पादों पर 35% टैरिफ लगाएगा। यह टैरिफ बाकी सेक्टोरल टैरिफ से अलग होगा।"
ट्रंप ने साफ चेतावनी दी है कि अगर कनाडा ने अमेरिका के इस कदम के जवाब में अपने टैरिफ बढ़ाए, तो उतने ही प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क अमेरिका कनाडाई उत्पादों पर लगाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा अमेरिका में फेंटानिल जैसे खतरनाक ड्रग्स की सप्लाई रोकने में नाकाम रहा है, जो अमेरिका में ड्रग्स संकट को बढ़ा रहा है। ट्रंप ने लिखा, "जैसा कि आपको याद होगा, अमेरिका ने कनाडा पर टैरिफ इसलिए लगाए थे क्योंकि हमारी फेंटानिल की समस्या में कनाडा की लापरवाही भी एक कारण है।"
बता दें कि इससे पहले ट्रंप प्रशासन ने ब्राजील के उत्पादों पर भी टैरिफ लगाया था, और अब कनाडा को भी उसकी नीतियों के लिए निशाने पर लिया गया है। ट्रंप के इस आक्रामक व्यापारिक रुख को लेकर कनाडा की प्रतिक्रिया का अब सबको इंतजार है। इस कदम से अमेरिका-कनाडा व्यापार संबंधों में एक बार फिर से तनाव गहराने की आशंका है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।