Amazon TikTok Bid: अमेरिकी अरबपति जेफ बेजोस की ईकॉमर्स कंपनी Amazon भी टिकटॉक (TikTok) को खरीदने की दौड़ में शामिल हो गई है। डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने TikTok को बिकने के लिए जो मोहलत दी है, उसकी डेडलाइन काफी नजदीक आ गई है। ऐसे में ई-कॉमर्स दिग्गज ने इस पॉपुलर वीडियो ऐप को खरीदने के लिए आखिरी वक्त पर बोली लगाकर सस्पेंस बढ़ा दिया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Amazon ने अपनी बिड अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को एक ऑफिशियल ऑफर लेटर के जरिए भेजी है।
TikTok अमेरिका में क्यों बिक रहा है?
TikTok को अमेरिका में बैन होने से बचने के लिए अपने चीनी मालिकों से अलग होना होगा। दरअसल, अमेरिकी सरकार को डर है कि टिकटॉक के जरिए उसकी जनता का डेटा चीन की सरकार के पास जा सकता है।
बीते साल अमेरिकी सरकार ने एक कानून पास किया था। इसमें TikTok को अमेरिकी कंपनियों को बेचने की शर्त रखी गई थी। यह कानून जनवरी में लागू होने वाला था, लेकिन ट्रंप ने इसकी समय सीमा बढ़ाकर इस शनिवार (5 अप्रैल) तक कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने भी अमेरिकी सरकार के फैसले को बरकरार रखा है।
TikTok में Amazon की दिलचस्पी क्यों?
अब TikTok सिर्फ वीडियो बनाने और देखने का प्लेटफॉर्म नहीं रह गया है। यह एक बड़ा ऑनलाइन शॉपिंग हब भी बन चुका है। अमेरिका में इसके 17 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। यहां इंफ्लुएंसर लाखों लोगों को खरीदारी के लिए प्रभावित करते हैं। TikTok की अपनी ई-कॉमर्स सर्विस TikTok Shop है, लेकिन कई इंफ्लुएंसर Amazon के प्रोडक्ट्स प्रमोट करते हैं और इससे कमाई भी करते हैं।
Amazon पहले भी TikTok जैसा फीचर Inspire अपने ऐप में लाने की कोशिश कर चुकी है। लेकिन यह सफल नहीं हो पाया। अब, TikTok को सीधे खरीदकर Amazon इस गेम में अपना दबदबा बनाना चाहती है।
क्या इस बार TikTok बिक जाएगा?
Amazon पहली कंपनी नहीं है, जो TikTok को खरीदने की कोशिश कर रही है। 2020 में Microsoft और Walmart ने भी इसे खरीदने का प्रयास किया था। इस बार Amazon के अलावा अरबपति फ्रैंक मैककोर्ट और Employer.com के फाउंडर जेसी टिन्सले भी टिकटॉक में दिलचस्पी दिखा चुके हैं।
लेकिन असली अड़चन चीन सरकार है। TikTok ने साफ कर दिया है कि वह बिकने के मूड में नहीं है और चीन सरकार भी इस डील को रोक सकती है।