Middle East Tension: वैश्विक स्तर पर जारी भारी तनाव के बीच मिडिल ईस्ट से एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आ रही है। यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक अमेरिकी सेना ने सोमवार को दक्षिणी ईरान में कथित तौर पर सेल्फ-डिफेंस स्ट्राइक्स की हैं। अमेरिकी बलों ने सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ हार्मुज के पास स्थित मिसाइल लॉन्च साइट्स और ईरानी नावों को अपना निशाना बनाया है। यह सैन्य कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में सीजफायर लागू है और तनाव को खत्म करने के लिए बातचीत का दौर चल रहा है। इस अचानक हुए हमले के बाद एक बार फिर क्षेत्र में महायुद्ध शुरू होने की आशंकाओं को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
हमारी सहयोगी वेबसाइट मनीकंट्रोल इंग्लिश की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिकी मीडिया हाउस फॉक्स न्यूज ने अमेरिकी सैन्य प्रवक्ता के हवाले से सबसे पहले यह रिपोर्ट दी कि अमेरिकी बलों ने जारी सीजफायर और संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से चल रही कूटनीतिक वार्ताओं के बीच दक्षिणी ईरान में इन हमलों को अंजाम दिया है।
अमेरिका ने किन चीजों को बनाया अपना निशाना?
CENTCOM की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक अमेरिकी सेना का यह कदम पूरी तरह अपने बलों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ था। अमेरिकी बलों ने दक्षिणी ईरान में मौजूद उन ठिकानों को तबाह किया जहां से मिसाइलें लॉन्च की जा सकती थीं। इसके अलावा उन ईरानी नावों को भी निशाना बनाया गया, जो कथित तौर पर समुद्र में माइंस बिछाने की कोशिश कर रही थीं।
सीएनएन (CNN) ने इस घटनाक्रम पर सेंटकॉम के प्रवक्ता टिमोथी हॉकिंस के हवाले से बताया है कि अमेरिकी सैन्य बलों ने ईरानी की ओर से पैदा किए गए खतरों से अपने सैनिकों की रक्षा करने के लिए आज दक्षिणी ईरान में आत्मरक्षा में हमले किए हैं। ठिकानों में मिसाइल लॉन्च साइट्स और माइंस बिछाने का प्रयास कर रही ईरानी नावें शामिल थीं। यूएस सेंट्रल कमांड जारी सीजफायर के दौरान संयम बरतते हुए अपने बलों की रक्षा करना जारी रखेगा।
ईरान के बंदर अब्बास शहर में गूंजे कई धमाके, मची खलबली
अमेरिकी हमले से ठीक पहले ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स में दक्षिणी ईरान के कई हिस्सों में भारी विस्फोट होने की जानकारी दी गई थी। रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित ईरान के प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों के भीतर एक के बाद एक कई धमाके हुए। इससे चिंता और डर का माहौल बन गया। इन विस्फोटों के स्रोत या नेचर को लेकर ईरानी अधिकारियों की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।
कतर के दोहा में चल रही थी इंटेंस बातचीत
आपको बता दें कि मिडिल ईस्ट में जारी इस भीषण तनाव को कम करने और कूटनीतिक तरीकों से विवाद सुलझाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। CNN ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि मंगलवार सुबह से ही कतर की राजधानी दोहा गहन बातचीत चल रही है। इस हाई-लेवल मीटिंग में कतर के मध्यस्थ और ईरानी अधिकारी शामिल हैं। ये अमेरिका के साथ समन्वय पर काम कर रहे हैं। इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विभिन्न मोर्चों पर तनाव को कम करने के लिए एक संभावित समझौते के अंतिम विवरणों को अंतिम रूप देना है। लेकिन इस कूटनीतिक प्रयास के बीच अमेरिकी हमले ने स्थिति को बेहद संवेदनशील बना दिया है।