Bangladesh News: बांग्लादेश में आज हो रहे आम चुनाव के बीच अल्पसंख्यकों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मतदान से ठीक एक दिन पहले, बुधवार को मौलवीबाजार इलाके में 28 वर्षीय रतन साहूकार का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया है। रतन चंपा इलाके के चाय बागानों में काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसका शव बेहद अमानवीय हालत में मिला। उसके हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे और शरीर पर गहरे घावों से खून रिस रहा था। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई बेरहम हत्या है, जिसने चुनाव के दौरान अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदुओं पर लगातार जारी है हिंसा
यह घटना कोई इकलौती वारदात नहीं है, बल्कि पिछले कुछ दिनों में हुई सिलसिलेवार हिंसा का हिस्सा है। इससे पहले 23 जनवरी को नरसिंगदी में 23 वर्षीय चंचल भौमिक को उसकी दुकान के भीतर जिंदा जला दिया गया था। हमलावर ने सोते हुए चंचल की दुकान का शटर बाहर से बंद कर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। चंचल अपने परिवार का इकलौता सहारा था। इसी तरह गारमेंट वर्कर दीपू चंद्र दास की भी पीट-पीटकर हत्या करने के बाद उन्हें आग के हवाले कर दिया गया था। इन रोंगटे खड़े कर देने वाली घटनाओं ने बांग्लादेश के हिंदू समुदाय में डर का माहौल पैदा कर दिया है। भारत में भी इन घटनाओं पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है, जहां इसे एक खास समुदाय को निशाना बनाने वाला 'हिंसक पैटर्न' बताया जा रहा है।
बांग्लादेश में महीनों की हिंसा के बाद आज हो रहे है चुनाव
महीनों तक चले सियासी घमासान और हिंसा के बाद आज, 12 फरवर को बांग्लादेश अपनी नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहा है। इस बार के आम चुनाव में करीब 12.77 करोड़ मतदाता वोट करेंगे। चुनाव में मुख्य मुकाबला दो बड़े राजनीतिक गुटों के बीच माना जा रहा है, क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी 'अवामी लीग' को इस चुनाव में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
चुनावी में सबसे आगे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) दिख रही है, जिसका नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान कर रहे हैं। उन्हें प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार माना जा रहा है।शफीकुर रहमान की जमात-ए-इस्लामी तारिक रहमान को कड़ी टक्कर दे रही है। जमात ने 11 दलों का एक मजबूत गठबंधन बनाया है जिसमें छात्र आंदोलन से निकले युवा नेताओं की 'नेशनल सिटीजन पार्टी' (NCP) भी शामिल है।