Aspergillus Fungi: Aspergillus एक संक्रमण पैदा करने वाला खतरनाक फंगस है जो हर साल लाखों मौतों के लिए जिम्मेदार है। यह दुनिया भर में पाया जाता है। एक नए रिसर्च में ये चेतावनी दी गई है कि जैसे-जैसे वैश्विक तापमान यानी पृथ्वी का तापमान बढ़ता जा रहा है, एस्परगिलस दुनिया भर में बड़े स्तर पर फैल सकता है जिससे लाखों लोग प्रभावित हो सकते हैं। बता दें कि हर साल तकरीबन 2.5 मिलियन लोग फंगल संक्रमणों से मर जाते हैं। अगर यह फंगस फैलता है तो मौतों का आंकड़ा बड़े स्तर पर बढ़ सकता है!
मैनचेस्टर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की एक टीम द्वारा किए गए रिसर्च में कहा गया है कि Aspergillus प्रजातियां 'व्यापक पर्यावरणीय सैप्रोट्रॉफ' हैं जो मनुष्यों, पशुधन और पौधों में गंभीर संक्रमण पैदा कर सकती हैं। यह शोध इस महीने की शुरुआत में प्रकाशित हुआ था और वर्तमान में इसकी समीक्षा की जा रही है।
कई अन्य फंगस की तरह Aspergillus मिट्टी में छोटे तंतुओं की तरह बढ़ता है। फिर वे बड़ी मात्रा में छोटे बीजाणु छोड़ते हैं जो हवा के माध्यम से और फैलते हैं। इन्हें मनुष्यों द्वारा प्रतिदिन सांस के माध्यम से लिया जाता है। हालांकि इससे अधिकांश लोगों को कोई विशेष स्वास्थ्य चिंता नहीं होने की उम्मीद है, क्योंकि उनकी इम्यूनिटी सिस्टम उनसे लड़ने में सक्षम है। लेकिन अस्थमा, सिस्टिक फाइब्रोसिस या सीओपीडी से जूझ रहे लोगों के लिए ऐसा नहीं है। इनके लिए ये फंगस जानलेवा साबित हो सकते है। इसके अलावा खतरे में वे लोग भी हैं जिनकी इम्यूनिटी सिस्टम कमजोर है।
'अंदर से कर देता है खोखला'
नॉर्मन वैन रिजन कहते हैं कि जब हमारी इम्यूनिटी सिस्टम अगर इन बीजाणुओं को साफ करने में असमर्थ होती है, तो फंगस 'बढ़ना शुरू कर देता है'। वो कहते है कि इसे सीधे तौर पर समझे तो 'ये मूल रूप से आपको अंदर से खा कर आपको खोखला कर देता है'। वह इस बात पर प्रकाश डालते हैं कि एस्परगिलोसिस में लगभग 20% से 40% की उच्च मृत्यु दर होती है। इससे भी बुरी बात यह है कि इसका इलाज करना मुश्किल बना हुआ है, क्योंकि रोगियों में बुखार और खांसी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं जो अन्य बीमारियों के समान हैं।
फंगस की यह प्रजाति एंटिफंगल दवाओं के प्रति प्रतिरोधी बनी हुई है जो गंभीर संक्रमण पैदा कर सकती है। यह खाद्य फसलों की एक विस्तृत श्रृंखला को भी संक्रमित कर सकता है। यानी की यह फूड सिक्योरिटी के लिए भी एक बड़ा खतरा है।
फेफड़ों को डैमेज कर ले सकता है जान!
Aspergillus फंगस एस्परगिलोसिस बीमारी का कारण बनता है, जो एक जानलेवा बीमारी है। यह मुख्य रूप से मनुष्यों में फेफड़ों को डैमेज करती है जिससे मौत भी हो सकती है। भविष्य में Aspergillus के संभावित प्रसार का मानचित्रण करने के लिए, शोधकर्ताओं ने विभिन्न सिमुलेशन और पूर्वानुमानों का उपयोग किया।अध्ययन के भाग के रूप में, वैज्ञानिकों ने पाया कि विशिष्ट एस्परगिलस प्रजातियां थीं जो भविष्य में जलवायु संकट तेज होने पर फैलेंगी।
रिसर्च के लेखकों में से एक, नॉर्मन वैन रिजन का सुझाव है कि वायरस और परजीवियों की तुलना में फंगस पर अपेक्षाकृत 'कम रिसर्च' हुआ है। उन्होंने हाल में आई HBO की टीवी सीरीज 'द लास्ट ऑफ अस' का हवाला देते हुए कहा कि आने वाले समय में इनसे दुनिया के प्रमुख क्षेत्रों पर असर पड़ने की उम्मीद है। बता दें कि टीवी सीरीज में दिखाया गया है कि, एक संक्रामक म्यूटेंट फंगस के कारण दुनिया की अधिकांश आबादी हिंसक राक्षसों में बदल गई। नॉर्मन मैनचेस्टर विश्वविद्यालय में जलवायु परिवर्तन और संक्रामक रोगों के रिसर्चर के रूप में कार्यरत हैं।