ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री को मिली बम की धमकी! आधिकारिक आवास से तुरंत कराया गया बाहर

ऑस्ट्रेलिया में हाल के महीनों में नेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। प्रधानमंत्री और कई सांसदों को धमकियां मिल चुकी हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी अब कड़ी सुरक्षा देखी जा रही है। कमिश्नर बैरेट के मुताबिक, पिछले साल के अंत से अब तक ऐसे मामलों में 20 से ज्यादा लोगों पर आरोप लगाए जा चुके हैं

अपडेटेड Feb 24, 2026 पर 8:44 PM
Story continues below Advertisement
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री को मिली बम धमकी! आधिकारिक आवास से तुरंत कराया गया बाहर

ऑस्ट्रेलिया से एक बड़ी सुरक्षा खबर सामने आई है। देश के प्रधानमंत्री को उनके आधिकारिक आवास से अचानक बाहर निकालना पड़ा, जब बम की धमकी मिलने की सूचना मिली। मंगलवार शाम करीब 6 बजे ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को कैनबरा में उनके सरकारी घर ‘द लॉज’ से सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। यह इलाका संसद भवन के पास है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।

क्या था मामला?

ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस को एक संरक्षित सरकारी भवन में सुरक्षा खतरे की सूचना मिली थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमकी विस्फोटक उपकरण यानी बम से जुड़ी थी।


सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने ‘द लॉज’ को घेर लिया और पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। करीब तीन घंटे तक चली जांच के बाद रात 9 बजे के बाद प्रधानमंत्री को वापस आवास पर लौटने की अनुमति दी गई।

पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि “पूरी जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला” और आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है।

दिन में था इंटरव्यू, शाम को सुरक्षा अलर्ट

दिलचस्प बात यह है कि उसी दिन प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर ऑस्ट्रेलियाई टीवी पत्रकार कार्ल स्टेफानोविक को लंबा इंटरव्यू दिया था। लेकिन शाम होते-होते माहौल पूरी तरह बदल गया और सुरक्षा कारणों से सभी गतिविधियां बाधित हो गईं।

बढ़ते सुरक्षा खतरे

ऑस्ट्रेलिया में हाल के महीनों में नेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। प्रधानमंत्री और कई सांसदों को धमकियां मिल चुकी हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी अब कड़ी सुरक्षा देखी जा रही है।

पिछले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस की कमिश्नर क्रिसी बैरेट ने घोषणा की थी कि नेताओं और सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ बढ़ती धमकियों से निपटने के लिए विशेष राष्ट्रीय सुरक्षा जांच टीमें बनाई गई हैं।

इस महीने की शुरुआत में उन्होंने सीनेट समिति को बताया था कि संघीय नेताओं, अधिकारियों और ऑस्ट्रेलिया के यहूदी समुदाय के कुछ सदस्यों को भी हिंसक तत्वों ने निशाना बनाया है।

कमिश्नर बैरेट के मुताबिक, पिछले साल के अंत से अब तक ऐसे मामलों में 20 से ज्यादा लोगों पर आरोप लगाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा, “हम देख रहे हैं कि व्यक्तिगत नाराजगी और गुस्से के मामले बढ़ रहे हैं। कुछ लोग ऑनलाइन धमकी देते हैं और फिर असल जिंदगी में उसे अंजाम देने की कोशिश भी करते हैं।”

हालांकि इस ताजा मामले में कोई विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर नेताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ईरान-चीन की 'सीक्रेट' डील से अमेरिका में हड़कंप: समंदर के रास्ते आएगा 'सुपरसोनिक' काल, क्या अब छिड़ेगी महाजंग?

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।