Bangladesh Bus Accident: बांग्लादेश में एक बस के ट्रांसपोर्ट फेरी पर चढ़ने की कोशिश के दौरान अचानक से नदी में गिर जाने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में कई अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि बस दक्षिण-पश्चिमी राजबारी जिले में दौलाडिया टर्मिनल पर बुधवार (25 मार्च) शाम करीब सवा पांच बजे पद्मा नदी में गिर गई। अधिकारी ने बताया कि बस के नदी में गिर जाने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई अन्य लोग अभी भी लापता हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी।
दमकल सेवा के अधिकारी सोहेल राणा ने घटनास्थल पर पत्रकारों से कहा, "हमजा (बचाव पोत) ने क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला और उसके भीतर से 14 शव मिले।" उन्होंने बताया कि गोताखोरों ने इससे पहले दो महिलाओं के शव बरामद किए थे। बाकी के 14 शव खराब मौसम के बीच छह घंटे के प्रयास के बाद बस को नदी से बाहर निकाले जाने पर बुधवार मध्यरात्रि के आस पास मिले।
राणा ने बताया कि दमकल सेवा और तटरक्षक बल के गोताखोर सेना और पुलिस की मदद से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि ढाका जा रही इस बस में बच्चों समेत करीब 40 यात्री सवार थे। उनमें से अधिकतर ईद की छुट्टियां मनाकर राजधानी लौट रहे थे।
राजबारी जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बचाव अभियान की अद्यतन जानकारी लेने के लिए उनसे फोन पर बात की। पीएम रहमान ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले बताया था कि करीब 11 यात्री तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे या उन्हें बचा लिया गया। लेकिन अधिकतर अन्य लोग अब भी लापता हैं।
टर्मिनल के पर्यवेक्षक मोनिर हुसैन ने कहा, "जब बस पोंटून (जलाशय में तैरता पुल) से नौका की ओर बढ़ रही थी तभी एक छोटी सहायक नौका पोंटून से टकरा गई और बस चालक के स्टीयरिंग पर से नियंत्रण खो देने के कारण बस नदी में जा गिरी।" उन्होंने कहा, "बस हमारी आंखों के सामने नदी में गिर गई लेकिन हम कुछ नहीं कर सके।"
दौलाडिया स्वास्थ्य परिसर के डॉक्टरों ने कहा कि दो महिलाओं के शव लाए गए। जबकि एक अन्य महिला का इलाज किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों में से कई एक ही परिवार के सदस्य थे। उनमें से कई लोग बाहर खड़े होने के कारण बच गए। लेकिन उनके रिश्तेदार बस डूबने के समय उसके भीतर थे।