Bangladesh Election: मतदान केंद्र के बाहर BNP नेता की मौत! पार्टी ने जमात के नेताओं पर लगाया मारपीट का आरोप

Bangladesh Election Voting: मृतक की पहचान 55 साल के मोहिबुज्जमान कोच्चि के रूप में हुई है, जो BNP की खुलना शहर इकाई के पूर्व कार्यालय सचिव थे। वे शहर के हाजी मोहसिन रोड इलाके में रहते थे। यह घटना गुरुवार को सुबह 8:10 बजे खुलना सदर के आलिया मदरसा मतदान केंद्र पर घटी

अपडेटेड Feb 12, 2026 पर 5:12 PM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Election: मतदान केंद्र के बाहर BNP नेता की हत्या! पार्टी ने जमात के नेताओं पर लगाया मारपीट का आरोप

बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनावों के लिए वोटिंग हो रही है। इस दौरान खुलना में एक मतदान केंद्र के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प के दौरान एक BNP नेता की मौत हो गई। BNP का कहना है कि उसके नेता की मौत तब हुई, जब जमात के एक नेता ने उन्हें धक्का दिया। धक्का लगने के बाद वह पेड़ से जा टकराए और उन्हें चोट लग गई। उधर जमात नेता का दावा है कि पीड़ित अशांति के दौरान बीमार पड़ गया था।

bdnews24 के मुताबिक, मृतक की पहचान 55 साल के मोहिबुज्जमान कोच्चि के रूप में हुई है, जो BNP की खुलना शहर इकाई के पूर्व कार्यालय सचिव थे। वे शहर के हाजी मोहसिन रोड इलाके में रहते थे। यह घटना गुरुवार को सुबह 8:10 बजे खुलना सदर के आलिया मदरसा मतदान केंद्र पर घटी।

खुलना सदर थाना BNP के पूर्व संगठनात्मक सचिव यूसुफ हारून मजनू ने कहा, “आलिया मदरसा मतदान केंद्र पर सुबह से ही तनाव का माहौल था। आलिया मदरसा के प्रिंसिपल वहां जमात के लिए प्रचार कर रहे थे।”


उन्होंने आरोप लगाया, "जब उसे रोका गया, तो उसने मोहिबुज्जमान कोच्चि को धक्का दिया। वह एक पेड़ से टकराया और उसका सिर पेड़ से जा टकराया। इसी वजह से उसकी मौत हो गई।"

खुलना आलिया मदरसा के प्रिंसिपल अब्दुर रहीम मिया ने आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा, “मैं सोबुरन्नेसा (महिला कॉलेज) मतदान केंद्र पर वोट डालकर घर जा रहा था। तभी मैंने कुछ महिलाओं को बाहर निकलते देखा। मैंने सबको वहां से जाने को कहा। मैंने किसी को धक्का नहीं दिया।”

जमात के केंद्र निदेशक महबूबुर रहमान ने कहा, “BNP के लोग हमारी महिला कार्यकर्ताओं को बाहर निकाल रहे थे। मैंने उन्हें रोका। तभी एक व्यक्ति की तबीयत खराब हो गई। बाद में सुना कि उसकी मौत हो गई।”

सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर खान फैसल रफी, जो उस केंद्र के प्रभारी हैं, ने बताया, “सुबह आलिया मदरसा अकादमिक भवन केंद्र के पास बीएनपी और जमात समर्थकों के बीच तनाव हुआ था। हम मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग किया। फिर एक व्यक्ति को ऑटो-रिक्शा में ले जाते देखा गया। यहां धक्का-मुक्की या मारपीट की कोई घटना नहीं हुई।”

मतदान केंद्र के प्रेसीडिंग ऑफिसर सैफुल इस्लाम ने कहा, “घटना मतदान केंद्र के बाहर हुई। यह मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।”

हालांकि, BNP उम्मीदवार नजरुल इस्लाम मंजू ने आरोप लगाया कि कोची की मौत “जमात नेता के धक्का देने” से हुई। उन्होंने कहा, “हम प्रिंसिपल और जमात नेता महबूब की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।”

खुलना-2 सीट से जमात उम्मीदवार एडवोकेट शेख जहांगीर हुसैन हेलाल ने कहा कि अगर घटना मतदान केंद्र के अंदर हुई है तो वह CCTV में रिकॉर्ड हुई होगी। उन्होंने कहा, “अगर कोई दोषी है, तो उसे CCTV फुटेज के आधार पर सजा मिलनी चाहिए।”

Bangladesh Violence: बांग्लादेश चुनाव के बीच एक और हिन्दू युवक की निर्मम हत्या, हाथ-पैर बांधकर फेंका शव; दहशत का माहौल

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।