Get App

Bangladesh Unrest: बांग्लादेश के चटगांव में भारतीय वीजा ऑपरेशन सस्पेंड, उच्चायोग में बढ़ाई गई सुरक्षा

Bangladesh Unrest: बांग्लादेश के चटगांव में पिछले हफ्ते भारतीय सहायक उच्चायोग के बाहर हिंसा देखने को मिली। इसमें दो पुलिस अधिकारियों समेत कम से कम चार लोग घायल हो गए। इसके बाद चटगांव में स्थित भारतीय वीजा ऑपरेशन अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिए गए हैं

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Dec 21, 2025 पर 2:51 PM
Bangladesh Unrest: बांग्लादेश के चटगांव में भारतीय वीजा ऑपरेशन सस्पेंड, उच्चायोग में बढ़ाई गई सुरक्षा
Bangladesh Unrest: बांग्लादेश में हिंसा फैलने के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग पर हमला किया

Bangladesh Unrest: बांग्लादेश के चटगांव में स्थित भारतीय वीजा ऑपरेशन अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिए गए हैं। युवा छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हुई हिंसा की घटनाओं में कई मीडिया हाउस और राजनीतिक कार्यालयों को आग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद भारत सरकार ने भारतीय वीजा ऑपरेशन सस्पेंड करने की घोषणा की है। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में प्रमुख युवा नेता और 'इंकलाब मंच' के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी को शनिवार को राष्ट्रीय कवि काजी नजरूल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया।

गुरुवार देर रात बांग्लादेश में हिंसा फैलने के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग पर हमला किया। पिछले साल एक विद्रोह में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को हटाए जाने के बाद से पड़ोसी देश में राजनयिक तनाव बढ़ गया है। इमारत में घुसने की कोशिश कर रही एक बड़ी भीड़ को सुरक्षा बलों ने पीछे धकेल दिया।

हिंसा के बाद भारत सरकार ने अपनी वेबसाइट पर एक अपडेट में कहा, "AHCI चटगांव में हाल ही में हुई सुरक्षा घटना के कारण इंडियन वीजा एप्लीकेशन सेंटर (IVAC) चटगांव में भारतीय वीजा ऑपरेशन 21/12/2025 से अगले आदेश तक सस्पेंड रहेंगे। स्थिति की समीक्षा के बाद वीजा केंद्र को फिर से खोलने की घोषणा की जाएगी।"

हाल के दिनों में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में भारतीय उच्चायोग के साथ-साथ चटगांव, खुलना और राजशाही में सहायक उच्चायोगों के पास भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं। इसमें प्रदर्शनकारी पिछले हफ्ते उस्मान हादी पर हुए जानलेवा हमले के बाद सड़कों पर उतर आए हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें