‘भारतीयों को मारने का इंतजार नहीं कर सकता’, शिकागो मंदिर हमले के आरोपी ने सहकर्मियों से कहा, ‘बंदूक जाम होने पर फिर कोशिश की दी धमकी
अमेरिका के शिकागो शहर के पास एक हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी की योजना बनाने के आरोप में 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथ काम करने वाले लोगों से कहा था कि वह “भारतीय लोगों को मारने का इंतजार नहीं कर सकता।”
अमेरिका में हिंदू मंदिर पर गोलीबारी की साजिश! 19 साल का युवक गिरफ्तार
अमेरिका के शिकागो शहर के पास एक हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी की योजना बनाने के आरोप में 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथ काम करने वाले लोगों से कहा था कि वह “भारतीय लोगों को मारने का इंतजार नहीं कर सकता” और रविवार का दिन उसके लिए “खास दिन” होगा। उसकी ये बातें सुनकर सहकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी।
आरोपी की पहचान अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस (Alexandros Paporakis) के रूप में हुई है। अधिकारियों को उसकी कथित हमले की योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद 11 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पैपोराकिस पर आतंकवादी धमकी देने और गैर-कानूनी तरीके से राइफल रखने जैसे गंभीर आरोप हैं। 'द एसोसिएटेड प्रेस' (AP) के अनुसार, जांचकर्ताओं का मानना है कि अपनी गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले वह इलिनोइस के ऑरोरा में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर की पार्किंग में गया होगा। यह मंदिर डाउनटाउन शिकागो से लगभग 40 मील पश्चिम में स्थित है।
आरोपी ने कहा- बंदूक जाम होने के बाद वह ‘फिर से कोशिश’ करेगा
अभियोजकों के अनुसार, पैपोराकिस ने रविवार दोपहर अपने एक सहकर्मी को बताया कि उसकी बंदूक जाम हो गई थी, जिसके बाद वह तुरंत वहां से निकल गया। उसने कथित तौर पर हमला करने की ‘फिर से कोशिश’ करने की बात कही।
द एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अभियोजकों ने बताया कि उसने अपने सहकर्मी को एक वीडियो भी भेजा, जिसमें AR-स्टाइल की राइफल दिख रही थी। साथ ही, उसने अपनी एक तस्वीर भी भेजी, जिसमें उसने टैक्टिकल वेस्ट (सुरक्षा जैकेट) पहनी हुई थी।
पैपोराकिस के साथ टैको बेल आउटलेट में काम करने वाले सहकर्मियों ने उसकी धमकियां सुनने के बाद 911 पर कॉल किया। इसके बाद अधिकारियों ने उसे शिकागो के उपनगर पैलेटाइन में उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पैलेटाइन पुलिस प्रमुख विलियम नॉर्ड ने बताया कि पैपोराकिस के नाम पर रजिस्टर्ड एक लाल रंग की एक्यूरा RDX कार रविवार दोपहर करीब 12:25 बजे मंदिर की पार्किंग में आई और 15 मिनट से भी कम समय में वहां से निकल गई। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, बाद में दोपहर करीब 2 बजे पैपोराकिस को उसके घर के पास कार में अकेले देखा गया।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि पैपोराकिस किस जगह को निशाना बनाना चाहता था, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है और मामले की जांच चल रही है।
आठ पन्नों के घोषणापत्र में नस्लभेदी विचारों का जिक्र
अभियोजकों ने बताया कि पापोराकिस ने अपने सहकर्मी को "मैंने क्यों लड़ाई लड़ी: उर्फ (ऑरोरा शूटर का घोषणापत्र)" शीर्षक से आठ पन्नों का एक दस्तावेज भेजा था।
अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेज में गैर-श्वेत लोगों को निशाना बनाते हुए नस्लवादी भाषा का प्रयोग किया गया था और उनमें से यथासंभव अधिक से अधिक लोगों को मारने की कथित योजना का वर्णन किया गया था।
दस्तावेज में कथित तौर पर गैर-श्वेत लोगों को "अमानव" बताया गया था और "दुनिया से बदला लेने के लिए खुद को बलिदान करने" की इच्छा व्यक्त की गई थी।
अभियोजकों ने यह भी कहा कि पापोराकिस ने खुद को "समाज-विरोधी श्वेत वर्चस्ववादी नव-नाजी" बताया था।
रॉयटर्स के अनुसार, जांचकर्ताओं ने इलेक्ट्रॉनिक संचार और पैपोराकिस से जुड़े एक दस्तावेज की जांच की। इस दस्तावेज में श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी विचार थे, जिनमें दक्षिण एशियाई मूल के लोगों—खासकर भारतीय मूल के लोगों—के खिलाफ हिंसा का जिक्र भी शामिल था।
अधिकारियों ने बताया कि उसके घर की तलाशी के दौरान, जांचकर्ताओं को बिना सीरियल नंबर वाली एक AR-स्टाइल राइफल, राइफल की कई भरी हुई मैगजीन और सैकड़ों राउंड गोला-बारूद मिला।
AP के अनुसार, पुलिस को एक टैक्टिकल वेस्ट (सुरक्षा जैकेट) भी मिली, जिसमें बॉडी आर्मर लगा था। इसके अलावा, वहां नाजी प्रतीक वाला एक पैच और एक गैस कैनिस्टर भी मिला, जिस पर दक्षिण एशियाई लोगों के लिए अपमानजनक शब्द लिखा हुआ था।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने पैपोराकिस की मां से पूछताछ की, लेकिन वह जांच में सहयोग नहीं कर रही थीं।
धमकी मिलने के बाद हिंदू मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई
अमेरिका के इलिनॉय राज्य के ऑरोरा में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर प्रशासन ने बताया कि मंदिर को निशाना बनाकर धमकी दी गई थी। हालांकि, मंदिर प्रशासन ने यह पुष्टि की है कि सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
इलिनोइस के प्रतिनिधि राजा कृष्णमूर्ति, जो राज्य के 8वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करते हैं, ने बताया कि वे रविवार को मंदिर गए थे, लेकिन उस समय उन्हें इस कथित धमकी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
उन्होंने कहा कि इस कथित साजिश के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही, उन्होंने FBI से इस मामले की जांच करने और इसे 'हेट क्राइम' (नफरत से प्रेरित अपराध) मानकर कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने ट्रम्प प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि धार्मिक संस्थानों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए संघीय गैर-लाभकारी सुरक्षा अनुदान (फेडरल नॉन-प्रॉफिट सिक्योरिटी ग्रांट्स) जारी किए जाएं।
कृष्णमूर्ति ने कहा, "लोग वास्तव में बहुत डरे हुए हैं।"
वहीं, दूसरी तरफ ऑरोरा के मेयर जॉन लैश ने बताया कि पुलिस इलाके के अन्य मंदिरों से संपर्क कर रही है, ताकि उन्हें इस धमकी के बारे में सूचित किया जा सके। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि अगर उन्हें कोई चिंताजनक जानकारी मिलती है, तो उनके पास संपर्क करने के लिए एक फोन नंबर मौजूद हो।
भारत ने घटना के ‘हिंदू विरोधी और नस्लभेदी’ होने पर चिंता जताई
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह इस घटना को लेकर “बेहद चिंतित” है और इसके “हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप” को विशेष रूप से परेशान करने वाला बताया है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की गहन जांच करेंगे, दोषियों को न्याय के कटघरे में लाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।”
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने अमेरिका में दक्षिण एशियाई लोगों के प्रति बढ़ती शत्रुता को लेकर चिंता जताई है। द एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, ‘स्टॉप AAPI हेट’ (जो एशियाई-विरोधी नफरत की घटनाओं की रिपोर्ट करने वाला एक राष्ट्रीय केंद्र है) ने बताया है कि ऑनलाइन अपमानजनक टिप्पणियों और धमकियों में वृद्धि हुई है।
वहीं, संगठन की सह-संस्थापक मंजूषा कुलकर्णी ने कहा कि कथित साजिश को तो नाकाम कर दिया गया है, लेकिन इस घटना से हिंदू, भारतीय और दक्षिण एशियाई समुदायों के मन में बैठा डर खत्म नहीं होगा।
बता दें कि जिस दौरान यह कथित धमकी दी गई, उस समय मंदिर में नौ दिनों तक चलने वाला हिंदू त्योहार ‘नवरात्रि’ मनाया जा रहा था।
अदालत ने आरोपी को हिरासत में रखने का दिया आदेश
पापोराकिस को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां जज ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया। AP और रॉयटर्स के अनुसार, मामले में उसकी अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होनी है।
कुक काउंटी पब्लिक डिफेंडर कार्यालय, जो पापोराकिस का पक्ष रख रहा है, ने चेतावनी दी है कि आरोपों को पहले से साबित हो चुके तथ्य न मान लिया जाए।
कार्यालय ने AP को ईमेल के जरिए भेजे बयान में कहा, "यह मामला एक लंबी प्रक्रिया के शुरुआती चरण में है।"
बयान में आगे कहा गया, "हम जनता को याद दिलाना चाहते हैं कि पुलिस और अभियोजकों द्वारा दिए गए बयान केवल आरोप हैं, और जांच आगे बढ़ने के साथ मामलों में काफी बदलाव आ सकता है।"