US Iran War Ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान के साथ सीजफायर समझौते को विश्व शांति के लिए एक बड़ा दिन बताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों के ट्रैफिक के सुचारू संचालन में मदद करेगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बहुत सारे सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे! उन्होंने कहा, "इससे खूब आय होगी। ईरान पुनर्निर्माण प्रक्रिया शुरू कर सकता है। हम हर तरह की आपूर्ति लेकर जाएंगे और यह सुनिश्चित करने के लिए वहीं मौजूद रहेंगे कि सब कुछ ठीक से चले। मुझे पूरा भरोसा है कि ऐसा ही होगा।"
ट्रंप की 'ट्रुथ सोशल' वेबसाइट पर दिए गए संदेश से वाशिंगटन की इस चिंता का संकेत मिलता है कि ईरान फारस की खाड़ी के संकरे मुहाने पर अपना नियंत्रण बनाए हुए है। इससे शांति काल में कुल तेल और प्राकृतिक गैस का 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है।
Truth Social पर एक पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, "विश्व शांति के लिए एक बड़ा दिन! ईरान चाहता है कि ऐसा हो, वे बहुत सह चुके हैं! इसी तरह, बाकी सब भी! यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट में ट्रैफिक बढ़ाने में मदद करेगा। बहुत सारे पॉजिटिव एक्शन होंगे! बहुत पैसा कमाया जाएगा।"
उन्होंने आगे कहा, "ईरान रिकंस्ट्रक्शन प्रोसेस शुरू कर सकता है। हम हर तरह का सामान लादेंगे, और बस यह पक्का करने के लिए "घूमते रहेंगे" कि सब कुछ ठीक रहे। मुझे पूरा भरोसा है कि ऐसा होगा। जैसा हम अमेरिका में अनुभव कर रहे हैं, यह मिडिल ईस्ट का गोल्डन एज हो सकता है।"
इस बीच, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उनका देश ईरान के साथ अमेरिका के युद्धविराम का समर्थन करता है। लेकिन इस समझौते में लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ लड़ाई शामिल नहीं है। नेतन्याहू ने कहा किइजरायल भी यह सुनिश्चित करने के लिए अमेरिकी प्रयासों का समर्थन करता है कि ईरान अब परमाणु या मिसाइल का खतरा न बने।
नेतन्याहू के कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा, "इजरायल ईरान के खिलाफ दो सप्ताह तक हमले रोकने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले का समर्थन करता है, बशर्ते ईरान तुरंत होर्मुज खोल दे। और अमेरिका, इजरायल तथा क्षेत्र के देशों पर सभी हमले बंद कर दे।"
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद की निर्धारित की हुई समय-सीमा खत्म होने से करीब 90 मिनट पहले घोषणा की है कि अमेरिका ने पाकिस्तान के प्रस्ताव पर ईरान के साथ दो सप्ताह के संघर्षविराम पर सहमति जताई है। ट्रंप ने मंगलवार शाम (अमेरिकी समयानुसार) ट्रुथ सोशल पर यह घोषणा की। दूसरी ओर डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ईरानी सभ्यता को खत्म करने की ट्रंप की धमकी को लेकर उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।
तेहरान में ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने कहा कि उसने दो सप्ताह के संघर्षविराम को स्वीकार कर लिया है। वह शुक्रवार से इस्लामाबाद में अमेरिका से बातचीत करेगा। इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों को शुक्रवार, 10 अप्रैल को इस्लामाबाद आने का निमंत्रण दिया। ताकि सभी विवादों के समाधान के लिए आगे बातचीत की जा सके।