अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को घोषणा की कि ईरान के साथ शांति समझौता अंतिम रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को फिर से खोल दिया जाएगा और अमेरिका इस क्षेत्र में अपनी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म कर देगा।
अपने 'ट्रुथ सोशल' प्लेटफर्म पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है। सभी को बधाई!"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बिना किसी रोक-टोक के खोलने और साथ ही अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने का आदेश देता हूं। दुनिया भर के जहाजों, अपने इंजन चालू करो। तेल की सप्लाई शुरू होने दो!"
बता दें कि यह पोस्ट मध्यस्थ पाकिस्तान के यह बताने के कुछ ही समय बाद आया कि दोनों पक्ष एक समझौते पर पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान के पीएम ने की घोषणा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "गहन बातचीत के बाद, हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। दोनों पक्षों ने लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने की घोषणा की है।"
हालांकि, ईरान ने इससे पहले पाकिस्तान के बयान पर आपत्ति जताई थी, जिससे इस बात पर सवाल उठने लगे थे कि यह समझौता वास्तव में कितना पुख्ता है। अभी तक इस समझौते का पूरा विवरण जारी नहीं किया गया है।
स्विट्जरलैंड में होगा समझौते पर हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पोस्ट में आगे बताया कि शांति समझौते पर "सहमति बन गई है" और पुष्टि की कि इस समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह 19 जून को स्विट्जरलैंड में होगा। उन्होंने कहा कि यह घोषणा कई पक्षों के साथ गहन कूटनीतिक बातचीत के बाद की गई है।
बता दें कि यह टकराव फरवरी के आखिर में शुरू हुआ जब अमेरिकी और इजरायली सेनाओं ने ईरान पर हमले किए। तेहरान ने जवाब में पूरे इलाके में इजरायल और अमेरिका के सहयोगियों को निशाना बनाया और साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से समुद्री आवाजाही को बुरी तरह बाधित किया, जो दुनिया भर में तेल और प्राकृतिक गैस की सप्लाई के लिए एक अहम रास्ता है। इसके जवाब में, वाशिंगटन ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया।