Delta Airlines Plane Fire: अमेरिका के ऑरलैंडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान में अचानक आग लग गई, जिसके बाद यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के माध्यम से बाहर निकालना पड़ा। CNN ने डेल्टा एयरलाइंस के हवाले से बताया कि अटलांटा जाने वाला विमान अभी रनवे के लिए रवाना ही हुआ था कि उसके दो इंजनों में से एक में आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी घटना टल गई है। विमान में सवार सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया। फिलहाल, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि डेल्टा एयरलाइंस के विमान में मध्य फ्लोरिडा एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले आग लग गई, जिसके कारण यात्रियों को बाहर निकालना पड़ा। डेल्टा ने एक बयान में कहा कि ऑरलैंडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान में आग लगने के दौरान किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, डेल्टा एयरलाइंस ने एक बयान में पुष्टि की है कि फ्लोरिडा के ऑरलैंडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान में आग लगने की घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। विमान के दाहिने इंजन में आग लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फुटेज में यात्रियों को इन्फ्लेटेबल इमरजेंसी स्लाइड के माध्यम से डेल्टा एयरलाइन से बाहर निकलते हुए भी दिखाया गया है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, विमान में 282 यात्री सवार थे। इनमें से किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार एयरलाइन ने कहा, "जब विमान के दो इंजनों में से एक के टेलपाइप में आग की लपटें देखी गईं, तो डेल्टा फ्लाइट क्रू ने यात्री केबिन को खाली करने के लिए प्रक्रियाओं का पालन किया।"
एयरलाइन ने कहा, "हम अपने ग्राहकों के सहयोग की सराहना करते हैं और इस अनुभव के लिए खेद व्यक्त करते हैं। सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है, और डेल्टा की टीमें हमारे ग्राहकों को जल्द से जल्द उनके अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने के लिए काम करेंगी।" डेल्टा यात्रियों को दूसरे विमानों से उनके मंजिल तक पहुंचाएगी।