Dhaka bomb blast: भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हालात काफी समय से नाजुक चल रहे हैं। राजधानी ढाका में एक के बाद एक हुए कई धमाकों और आगजनी ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। स्थानीय मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक शहर के 7 प्रमुख इलाकों में देसी बम यानी कॉकटेल बम के धमाकों के बाद प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। शहर छावनी में बदल गया है और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शहरभर में 200 से भी ज्यादा नाकाबंदी कर दी है। पुलिस अब तक 500 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
धमाके और आगजनी से दहशत का माहौल
पड़ोसी मुल्क की राजधानी ढाका में मालीबाग, मोहाखाली, अगरगांव, जात्राबारी, मोगबाजार, बाबूबाजार और रामपुरा में शुक्रवार को धमाके सुने गए। इसके अलावा ढाका कॉलेज और साइंस लैबोरेटरी के पास भी एक धमाके की खबर सामने आई है। इन धमाकों में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। इस बीच उपद्रवियों ने काफरुल पुलिस स्टेशन के पास खड़ी एक बस में आग लगा दी।
छावनी में बदली राजधानी ढाका
धमाकों और आगजनी के बाद हरकत में आई ढाका पुलिस ने 200 से अधिक चेक प्वाइंट बनाए और नाकाबंदी लगा दी। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के मीडिया एंड पब्लिक रिलेशंस विंग के अतिरिक्त उप आयुक्त नियाज मेहदी ने बताया कि शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस की टीमें चौबीसों घंटे गश्त कर रही हैं और पूरे शहर पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। ढाका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे कुल 515 लोगों को गिरफ्तार किया है और 47 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। हालांकि पुलिस का स्पष्ट कहना है कि यह आंकड़े पूरे शहर में चलाए गए एक व्यापक पुलिस अभियान के हैं और गिरफ्तार किए गए सभी लोग सीधे तौर पर इन बम धमाकों या आगजनी से जुड़े हों, ऐसा जरूरी नहीं है।
पुलिस के तलाशी अभियान में मिला हथियारों का जखीरा
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 2 विदेशी पिस्टल, 2 मैगजीन और 10 राउंड जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। इसके अलावा 3 बड़े कुल्हाड़े (मछेटे) और 5 चाकू भी बरामद किए गए हैं। लेकिन सबसे चौंकाने वाला खुलासा फटे हुए कॉकटेल बमों के मलबे से हुआ। पुलिस को धमाके की जगहों से 53 लोहे की कीलें मिली हैं। इससे साफ पता चलता है कि इन देसी बमों को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने के मकसद से तैयार किया गया था।
पुलिस ने पूरी की मुख्य आरोपियों की पहचान
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने अभी तक इस घटना में शामिल संदिग्धों के नामों का खुलासा सार्वजनिक रूप से नहीं किया है। लेकिन अधिकारी नियाज मेहदी ने यह जरूर स्पष्ट किया है कि पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।