अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के एनर्जी प्लांट्स पर हमले और 10 दिनों के लिए रोक रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम ईरानी सरकार के अनुरोध पर उठाया जा रहा है और ईरान के साथ बातचीत बहुत अच्छी चल रही है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "ईरानी सरकार के अनुरोध के अनुसार... मैं एनर्जी प्लांट्स को नष्ट किए जाने को 10 दिनों के लिए यानि सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को रात 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक के लिए रोक रहा हूं।"
आगे कहा, "बातचीत जारी है और फेक न्यूज मीडिया और अन्य लोगों द्वारा इसके विपरीत दिए गए गलत बयानों के बावजूद, बातचीत बहुत अच्छी चल रही है।" ट्रंप ने बाद में फॉक्स न्यूज के शो "द फाइव" में बताया, "मैंने उन्हें 10 दिनों का समय दिया। उन्होंने 7 दिनों का समय मांगा था।" यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि अमेरिका यह युद्ध जीत चुका है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान को या तो कोई समझौता करना होगा, या फिर उसे लगातार हमलों का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले 23 मार्च को ट्रंप ने ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों को लेकर 5 दिन का विराम दिया था। यह शनिवार को खत्म होने वाला था।
10 तेल टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने दिया
इससे पहले गुरुवार को व्हाइट हाउस कैबिनेट मीटिंग में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने गिफ्ट के तौर पर 10 तेल टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने दिया। इन टैंकरों में से कुछ पाकिस्तान के झंडे वाले बताए गए। ट्रंप के मुताबिक, इससे ईरान दिखा रहा है कि वह जंग खत्म करने के लिए बातचीत को लेकर गंभीर है। वहीं ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका के साथ बातचीत में शामिल नहीं है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शांति वार्ता के मीडिएटर्स के हवाले से कहा है कि ईरान ने ऐसे हमलों पर 10 दिन की रोक नहीं मांगी थी। ईरान ने कहा है कि अगर ट्रंप अपनी धमकी पर कायम रहते हैं तो वह खाड़ी क्षेत्र में एनर्जी फैसिलिटीज पर जवाबी हमले करेगा।
ट्रंप ने यह नहीं बताया है कि अमेरिका, ईरान में किसके साथ बातचीत कर रहा है क्योंकि युद्ध में कई बड़े अधिकारी मारे गए हैं। अगर कूटनीतिक बातचीत में कोई प्रगति नहीं होती है, तो सैन्य तनाव अचानक और बढ़ सकता है।
ईरान के एनर्जी प्लांट्स पर हमले 10 दिनों के लिए रोके जाने के अमेरिका के ऐलान के बाद शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई। रॉयटर्स के मुताबिक, ब्रेंट फ्यूचर्स 0.8% गिरकर 107.11 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं U.S. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट फ्यूचर्स 0.88% की गिरावट के साथ 93.65 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक दिन पहले ब्रेंट फ्यूचर्स 5.7% और U.S. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 4.6% बढ़ा था।
इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच लड़ाई की शुरुआत 28 फरवरी को तब हुई, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और उन खाड़ी देशों पर अपने हमले शुरू कर दिए, जहां अमेरिकी सैन्य अड्डे मौजूद हैं। ईरान में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों और लेबनान में इजरायल के हमलों में अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं। इस युद्ध के कारण सप्लाई में रुकावट से तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और वैश्विक बाजार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
एक दिन पहले ट्रंप ने ईरान को दी थी चेतावनी
एक दिन पहले ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके नेताओं को जल्दी गंभीर हो जाना चाहिए, वरना देर हो जाएगी। यह बयान इसलिए आया क्योंकि ईरान ने अमेरिका के 15 पॉइंट वाले शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया। ट्रंप ने कहा कि ईरान को उनका प्रस्ताव मान लेना चाहिए, क्योंकि उनका दावा है कि ईरान सैन्य तौर पर पूरी तरह कमजोर हो चुका है और उसके पास वापसी का कोई मौका नहीं है। ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने जल्द फैसला नहीं लिया, तो हालात और खराब हो सकते हैं और फिर वापसी का कोई रास्ता नहीं बचेगा।