Donald Trump News: 'घुटनों के बल बैठकर माफी मांगनी चाहिए'; ईरान से अब गाली-गलौज पर उतरे ट्रंप, अमेरिकी नेताओं ने की तीखी आलोचना

Donald Trump News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ईरान के लिए गाली-गलौज जैसे अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए होर्मुज को तुरंत खोलने या फिर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इस विवादित बयान को लेकर अमेरिका में कई नेताओं से ट्रंप की आलोचना की है

अपडेटेड Apr 06, 2026 पर 9:40 AM
Story continues below Advertisement
Donald Trump News: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज़ को तुरंत खोलने या फिर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है

Donald Trump News: ईरान के खिलाफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट में इस्तेमाल की गई गाली-गलौज वाले भाषा को लेकर कई अमेरिकी नेताओं ने उनकी आलोचना की है। ट्रंप ने रविवार (5 अप्रैल) को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोला गया, तो ईरान के पावर प्लांट और पुलों पर हमले किए जाएंगे। ट्रंप ने अत्यंत आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए ईरान को चेतावनी दी है कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को समुद्री ट्रैफिक के लिए नहीं खोला गया, तो ईरान को नरक बना दिया जाएगा।

ट्रंप ने रविवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ईरान के लिए अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए होर्मुज़ को तुरंत खोलने या फिर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। उन्होंने ईरान के भीतर मार गिराए गए एक लड़ाकू विमान के चालक दल के लापता सदस्य को बचाने के लिए अमेरिकी सशस्त्र बलों द्वारा अभियान चलाए जाने के कुछ घंटे बाद यह पोस्ट शेयर की। रिपब्लिकन पार्टी की नेता एवं पूर्व सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन ने कहा कि राष्ट्रपति 'पागल हो गए हैं'। ग्रीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, "ईस्टर की सुबह राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बयान पोस्ट किया।"

उन्होंने कहा, "उनके प्रशासन में जो भी खुद को ईसाई बताता है, उसे घुटनों के बल बैठकर ईश्वर से माफी मांगनी चाहिए, राष्ट्रपति की पूजा करना बंद करना चाहिए और ट्रंप के इस पागलपन में हस्तक्षेप करना चाहिए।" डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता एवं सांसद टिम केन ने ट्रंप प्रशासन की इस बयानबाजी को शर्मनाक और बचकाना करार दिया।


सीनेट की सशस्त्र सेवा एवं विदेश संबंध समितियों के सदस्य केन ने NBC न्यूज (नेशनल ब्रॉडकास्टिंग कंपनी न्यूज) से कहा, "व्हाइट हाउस कृपया ऐसी बयानबाजी कम करे। हालांकि मुझे राष्ट्रपति से इसकी उम्मीद नहीं है। ऐसे बयान देकर पायलटों जैसे लोगों को और अधिक खतरे में डालने की जरूरत नहीं है।"

डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता एवं सांसद बेका बालिंट ने 'एमएस नाउ' के 'द वीकेंड' कार्यक्रम में कहा, "यह घृणित है।...हैरानी की बात है कि यह हमारे राष्ट्रपति हैं।" सांसद चक शूमर ने अमेरिका के राष्ट्रपति को संतुलन खो चुका पागल व्यक्ति कहा।

शूमर ने ं पर एक पोस्ट में कहा, "ईस्टर की शुभकामनाएं, अमेरिका। जब आप चर्च जा रहे हैं और दोस्तों एवं परिवार के साथ जश्न मना रहे हैं, तब अमेरिका के राष्ट्रपति संतुलन खो चुके पागल व्यक्ति की तरह सोशल मीडिया पर बकवास कर रहे हैं।"

ये भी पढ़ें- दिल्ली में गोदामों से सीधे LPG की बिक्री पर बैन, आदेश नहीं मानने वालों को सरकार ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

डेमोक्रेटिक नेता क्रिस मर्फी ने कहा, "अगर मैं ट्रंप के मंत्रिमंडल में होता, तो मैं ईस्टर पर 25वें संशोधन के बारे में संवैधानिक वकीलों को फोन कर रहा होता। यह पूरी तरह दिमागी संतुलन खो देने की स्थिति है। वह पहले ही हजारों लोगों को मरवा चुके हैं। वह हजारों और लोगों को मरवाएंगे।" अमेरिका का 25वां संशोधन मंत्रिमंडल को यह अधिकार भी देता है कि वह राष्ट्रपति को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने में अक्षम घोषित करने के बाद उन्हें पद से हटा सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।