अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन की नियुक्ति के बारे में बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि वह इस बात का ध्यान रखेंगे कि नवनियुक्त चेयरमैन इंटरेस्ट रेट में तुरंत कमी का फैसला ले सकता है या नहीं। दरअसल ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में यह बात कही। एक इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि क्या फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन की असली परीक्षा यह होगी कि वह कितना जल्द इंटरेस्ट रेट में कमी का फैसला लेते हैं?
नए फेड चेयरमैन के लिए ट्रंप का संकेत
ट्रंप ने इस सवाल का जवाब हां में दिया। उन्होंने कहा, "हां, इन्हें (जेरोम पॉवेल) भी ऐसा करना पड़ेगा।" पोलिटिको ने इस इंटरव्यू को 9 दिसंबर को रिलीज किया। उनका इशारा फेडरल रिजर्व के वर्तमान चैयरमैन जेरोम पॉवेल की तरफ था। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि उनमें स्मार्ट व्यक्ति के गुण नहीं हैं और वह ट्रंप को पंसद नहीं करते हैं।" नए चेयरमैन के बारे में पूछे गए इस सवाल के जवाब से यह संकेत मिल गया है कि उनसे ट्रंप की क्या उम्मीदें होंगी।
केविन हैसेट बन सकते हैं नया फेड चेयरमैन
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नए चैयरमैन की दौड़ में व्हाइट हाउस नेशनल इकोनॉमिक काउंसिल के डायरेक्टर केविन हैसेट सबसे आगे चल रहे हैं। ब्लूमबर्ग ने यह खबर दी थी। हैसेट ने पिछले महीने कहा था कि डेटा से ऐसा संकेत मिलता है कि केंद्रीय बैंक को इंटरेस्ट रेट में तुरंत कमी करनी चाहिए। हैसेट ने 8 दिसंबर को सीएनबीसी से कहा था कि अगले छह महीनों का प्लान तैयार कर यह बताना कि फेडरल रिजर्व इंटरेस्ट रेट को कहां ले जाना चाहता है, एक गैरजिम्मेदाराना व्यवहार होगा।
10 दिसंबर को फेड मॉनेटरी पॉलिसी पेश करेगा
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बैंक के चेयरमैन का काम डेटा पर नजर रखना और उसके आधार पर फैसला लेना है। इस साल की शुरुआत में ट्रंप ने कहा था कि फेडरल रिजर्व को इंटरेस्ट रेट 3.75-4 फीसदी से घटाकर 2 फीसदी से कम करना चाहिए। फेडरल रिजर्व अपनी मॉनेटरी पॉलिसी का ऐलान 10 दिसंबर को करेगा। पूरी दुनिया की नजर इस बात पर लगी हैं कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक इंटरेस्ट रेट में कमी करता है या नहीं।
जेरोल पॉवेल अगले साल चेयरमैन का पद छोड़ देंगे
जेरोम पॉवेल अगले साल मई में फेडरल रिजर्व के चैयरमैन के पद से हट जाएंगे। इस बीच ट्रंप कई बार यह कह चुके हैं कि उन्होंने तय कर लिया है कि किसे फेडरल रिजर्व का नया चेयरमैन नियुक्त करना है। लेकिन, उन्होंने यह कहा था कि वह अगले साल की शुरुआत तक उस व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं करेंगे। हैसेट के अलावा फेडरल रिजर्व का नया चेयरमैन बनने की दौड़ में फेड गवर्नर्स क्रिस्टोफर वॉलर और मिशेल बोवमैन के नाम भी शामिल हैं।