ईरान के बाद अब क्यूबा की बारी, ट्रंप ने दिए बड़े 'एक्शन' के संकेत; बोले- जल्द होगा कोई फैसला

Trump-Cuba: पिछले कुछ हफ्तों में ट्रंप ने क्यूबा को लेकर कई विवादास्पद बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्यूबा पूरी तरह ढहने की कगार पर है और अमेरिका के साथ डील करने के लिए उतावला है। एक हालिया बयान में उन्होंने यहां तक कह दिया कि क्यूबा का 'फ्रेंडली टेकओवर' हो सकता है, हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि, 'शायद यह फ्रेंडली न भी हो'

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 11:23 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वेनेजुएला और ईरान के बाद अब ट्रंप का निशाना क्यूबा पर है और जल्द ही वहां कोई बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल सकता है

Trump On Cuba: ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक नया मोर्चा खोलने के संकेत दिए हैं। रविवार को एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका जल्द ही क्यूबा के साथ कोई बड़ा समझौता कर सकता है या फिर वहां कोई 'कड़ा कदम' उठा सकता है। ट्रंप के इस बयान के बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि, वेनेजुएला और ईरान के बाद अब ट्रंप का निशाना क्यूबा पर है और जल्द ही वहां कोई बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल सकता है।

'पहले ईरान, फिर क्यूबा'

ट्रंप ने साफ कर दिया है कि उनकी पहली प्राथमिकता वर्तमान में जारी ईरान युद्ध है, लेकिन क्यूबा उनकी लिस्ट में अगले नंबर पर है। ट्रंप ने पुष्टि की कि क्यूबा के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा, 'क्यूबा भी समझौता करना चाहता है। मुझे लगता है कि हम बहुत जल्द या तो कोई डील करेंगे या फिर जो हमें करना है, वह करेंगे।' ट्रंप के अनुसार, यह सिर्फ समय की बात है। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान का मुद्दा सुलझते ही अमेरिका, क्यूबा पर अपना ध्यान केंद्रित करेगा।


'फ्रेंडली टेकओवर' की चेतावनी

पिछले कुछ हफ्तों में ट्रंप ने क्यूबा को लेकर कई विवादास्पद बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्यूबा पूरी तरह ढहने की कगार पर है और अमेरिका के साथ डील करने के लिए उतावला है। एक हालिया बयान में उन्होंने यहां तक कह दिया कि क्यूबा का 'फ्रेंडली टेकओवर' हो सकता है, हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि, 'शायद यह फ्रेंडली न भी हो।'

क्यूबा में गहराता आर्थिक और ऊर्जा संकट

क्यूबा वर्तमान में अपने इतिहास के सबसे बुरे आर्थिक दौर से गुजर रहा है। आयातित तेल की कमी के कारण देश के पावर प्लांट और ट्रांसपोर्ट ठप पड़ रहे हैं। पूरे देश में बिजली की भारी कटौती हो रही है। क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कानेल ने भी स्वीकार किया है कि अमेरिका के साथ बातचीत शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि वे आपसी मतभेदों को टकराव के बजाय 'संवाद' के जरिए सुलझाना चाहते हैं।

किन बातों को लेकर होगा टकराव?

भले ही बातचीत चल रही है, लेकिन दोनों देशों के बीच गहरी खाई बनी हुई है। अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिया है कि प्रतिबंधों में ढील तभी मिलेगी जब क्यूबा राजनीतिक और आर्थिक सुधार करेगा। दूसरी ओर, क्यूबा के नेतृत्व का कहना है कि किसी भी बातचीत में उनकी ;स्वतंत्रता और संप्रभुता' का सम्मान किया जाना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।