Trump interview Video: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NBC के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मीट द प्रेस (Meet the Press)' की महिला एंकर को दिए एक इंटरव्यू के दौरान अचानक बातचीत खत्म कर दी। इंटरव्यू के दौरान चुनावी धांधली के उनके दावों को लेकर कार्यक्रम की एंकर क्रिस्टन वेल्कर के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। ट्रंप ने वेल्कर के साथ तीखी बहस के बाद इंटरव्यू अचानक खत्म कर दिया। यह बहस कैलिफोर्निया और अमेरिका में चुनावों में धांधली के उनके दावों को लेकर हुई थी।
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने एंकर से तीखी बहस की। अमेरिकी मीडिया को बेईमान बताया। इस दौरान ट्रंप धांधली के सबूत मांगने पर माइक्रोफोन उतारकर बीच में ही उठकर चले गए। ट्रंप ने दावा किया था कि कैलिफोर्निया में वोटों की धीमी गिनती चुनावी गड़बड़ी का संकेत है। रविवार को जारी इस इंटरव्यू में चर्चा कैलिफोर्निया में जारी प्राथमिक चुनावों की मतगणना पर केंद्रित थी।
ट्रंप ने कहा कि मतदान के कई दिन बाद भी नतीजे नहीं आना चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का संकेत है। उन्होंने कहा, "चार दिन हो गए हैं और वे अभी तक नतीजे नहीं दे पाए हैं।" इस पर वेल्कर ने बताया कि कैलिफोर्निया में डाक मतपत्रों और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं के कारण मतगणना में कई दिन लगना सामान्य बात है। लेकिन ट्रंप ने जवाब दिया, "क्या आपको पता है वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? क्योंकि वे चुनाव में धोखाधड़ी कर रहे हैं।"
जब वेल्कर ने बार-बार इन आरोपों के समर्थन में सबूत मांगे, तो ट्रंप ने कहा, "मुझे सिर्फ देखना होता है।" उन्होंने यह भी कहा कि वे लोगों की शिकायतें सुनते हैं। उसी आधार पर अपनी राय बनाते हैं। वेल्कर ने जवाब दिया कि केवल ऐसा कहना सबूत नहीं माना जा सकता। इसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। ट्रंप ने एंकर पर निशाना साधते हुए कहा, "वे भ्रष्ट हैं, जैसे आप भ्रष्ट हैं। आपका प्रेस भ्रष्ट है और Meet the Press भी भ्रष्ट है।"
वेल्कर ने इसका विरोध करते हुए कहा, "निष्पक्ष रूप से कहूं तो मैं भ्रष्ट नहीं हूं।" इस पर ट्रंप ने और तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "या तो आप भ्रष्ट हैं या फिर मूर्ख हैं। आप उनकी बातों में आ जाती हैं। आपका नेटवर्क जानता है कि चुनाव में धांधली होती है।" ट्रंप ने आगे NBC के साथ-साथ ABC, CBS और CNN जैसे प्रमुख मीडिया नेटवर्कों की भी आलोचना की। राष्ट्रपति ने उन्हें एकतरफा और भ्रष्ट करार दिया।
कुछ ही समय बाद ट्रंप ने इंटरव्यू समाप्त करने का फैसला किया। उन्होंने कहा, "माफ कीजिए, अब इसे यहीं खत्म करते हैं। अब बहुत हो गया। धन्यवाद, डार्लिंग..। आपका दिन अच्छा रहे।" जब वेल्कर ने बातचीत जारी रखने की कोशिश की, तो ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पहले ही काफी समय दिया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने बारिश में बैठकर लगभग एक घंटे तक इंटरव्यू दिया।
ट्रंप ने कहा, "मैं तुम्हारे साथ एक घंटे तक बारिश में बैठा हूं। मैंने तुम्हें काफी समय दिया है। तुम्हें अपनी पत्रकारिता ठीक करनी चाहिए। तुम्हें पता है क्या? बेईमान प्रेस के साथ कोई देश कभी महान नहीं बन सकता। चलो चलते हैं।"
इसी के साथ इंटरव्यू विवादास्पद ढंग से समाप्त हुआ। NBC की रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप ने भविष्य में वेल्कर के साथ फिर से इंटरव्यू देने पर सहमति जताई है। यह घटना एक बार फिर ट्रंप और अमेरिकी मुख्यधारा मीडिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव को उजागर करती है।