अरबपति एलॉन मस्क (Elon Musk) जल्द ही डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को छोड़ देंगे। पहले इसका संकेत खुद मस्क ने दिया था और अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दिया है। ट्रंप ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों सहित अपने करीबी लोगों को बताया है कि एलॉन मस्क आने वाले हफ्तों में गवर्निंग पार्टनर के अपने रोल से हट जाएंगे। यह बात Politico की एक रिपोर्ट में सोर्सेज के हवाले से कही गई है। मस्क अमेरिकी सरकार में डिपार्टमेंट ऑफ गवर्मेंट एफिशिएंसी (DOGE) को लीड कर रहे हैं और अमेरिकी घाटे में 1 लाख करोड़ डॉलर की भारी कमी की दिशा में काम कर रहे हैं।
मस्क को 130 दिनों के कार्यकाल के लिए "विशेष सरकारी कर्मचारी" के तौर पर ट्रंप प्रशासन में लाया गया था। वह सरकारी लागत में कटौती के प्रयासों की अगुवाई कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप, मस्क और उनके DOGE की पहलों से खुश हैं। लेकिन हाल के दिनों में दोनों ने फैसला किया है कि मस्क जल्द ही अपने कारोबारों में वापस लौट जाएंगे और सपोर्टिंग रोल में आ जाएंगे।
ट्रंप प्रशासन के कुछ अंदरूनी लोग और कई बाहरी सहयोगी मस्क को एक राजनीतिक बोझ के रूप में देख रहे हैं। यह बात तब और स्पष्ट हो गई, जब मस्क की ओर से सपोर्टेड एक कंजर्वेटिव जज, विस्कॉन्सिन सुप्रीम कोर्ट की सीट के लिए 10 अंकों से हार गए। रिपोर्ट के मुताबिक, एक सोर्स का कहना है कि मस्क शायद सलाहकार के रूप में इनफॉर्मल रोल में बने रहेंगे और व्हाइट हाउस परिसर में कभी-कभार नजर आते रहेंगे।
Tesla के शेयरों में आई तेजी
Politico की रिपोर्ट के बाद एलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयरों में तेजी है। यह 5 प्रतिशत तक उछला है। पिछले एक महीने में टेस्ला के शेयर में 5% से ज्यादा की गिरावट आई है। इस साल अब तक यह 31% से ज्यादा नीचे आया है।
ट्रंप प्रशासन से अपनी विदाई पर मस्क ने क्या कहा था
इससे पहले एलॉन मस्क ने भी एक इंटरव्यू में ट्रंप प्रशासन में अपना काम जल्द ही खत्म होने का संकेत दिया था। फॉक्स न्यूज के साथ इंटरव्यू में मस्क ने अपने कार्यकाल को फेडरल खर्च में ऐतिहासिक बदलाव बताया। था। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने 130 दिन के कार्यकाल से आगे भी बने रहेंगे, तो मस्क ने कहा कि उनका मानना है कि तब तक उनका काम काफी हद तक पूरा हो जाएगा। मस्क के मुताबिक,, "मुझे लगता है कि हम उस टाइमफ्रेम के अंदर घाटे को 1 लाख करोड़ डॉलर तक कम करने के लिए जरूरी कामों में से ज्यादातर को पूरा कर लेंगे।"
मस्क की अगुवाई वाले DOGE ने अपनी वेबसाइट पर दावा किया है कि 27 मार्च तक इसने अमेरिकियों को 130 अबर डॉलर या प्रति करदाता लगभग 807 डॉलर की बचत कराई है। इंजीनियरों और उद्यमियों द्वारा संचालित एजेंसी DOGE ने अमेरिका में हजारों सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है और कई प्रोग्राम्स के लिए फंड में कटौती की है। DOGE के 7 सदस्यों की मस्क की टीम में- स्टीव डेविस, जो गेबिया, अराम मोगादासी, ब्रैड स्मिथ, एंथनी आर्मस्ट्रांग, टॉम क्राउज और टायलर हसन शामिल हैं।