क्या पाकिस्तान बलूचिस्तान में कोई खूनी खेल खेल रहा है? ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि यहां मानवाधिकारों से जुड़ी एक ऐसी रिपोर्ट सामने आई है जो बड़ी चिंता की ओर इशारा कर रही है। ह्यूमन राइट्स काउंसिल ऑफ बलूचिस्तान (HRCB) की एक चौंकाने वाली रिपोर्ट के मुताबिक 2025 में बलूचिस्तान के भीतर जबरन गुमशुदगी, हत्याओं और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के दमन के मामलों में बड़ा इजाफा हुआ है। एएनआई की एक रिपोर्ट में HRCB के हवाले से बताया गया है कि पिछले साल पाकिस्तानी सुरक्षा बलों, गुप्तचर एजेंसियों और राज्य प्रायोजित स्थानीय मिलिशिया द्वारा बलूच आबादी पर गंभीर अत्याचार किए गए हैं। इससे लोकल लोगों के बीच असुरक्षा और अविश्वास का माहौल गहरा गया है।
