Indian Mangoes In USA: भारत में गर्मियों का मौसम आते ही घरों में आम की खुशबू महकने लगती है। लेकिन इस बार भारतीय आमों की यह सौंधी मिठास सात समंदर पार अमेरिका के लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है। वाशिंगटन के सिएटल (Seattle) इलाके में इस हफ्ते भारतीय आमों की ऐसी धमाकेदार एंट्री हुई है कि अमेरिकी भी इसके दीवाने हो गए हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि अब भारतीय आम सिर्फ छोटे-मोटे इंडियन स्टोर्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अमेरिका के सबसे बड़े होलसेल रिटेल चेन कॉस्टको (Costco) के आउटलेट्स पर भी सज गए हैं। अमेरिका के बाजारों में भारत का 'केसर आम' (Kesar Mangoes) 4 पीस के पैकेट में 20 डॉलर यानी करीब ₹1900 के भाव पर बिक रहा है। भारत में ₹1900 में इतने आम आ जाएं कि पूरा परिवार हफ्तों तक खाए, लेकिन अमेरिका में लोग इस कीमत पर भी इसे हाथों-हाथ खरीद रहे हैं।
पहली बार 'केसर आम' खरीदने वाली अमेरिकी लड़की ने क्या कहा?
सिएटल के कॉस्टको स्टोर में पहली बार भारतीय 'केसर आम' का पैकेट खरीदने वाली एक स्थानीय अमेरिकी लड़की एमिली ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह इसकी बनावट और खुशबू देखकर ही इसकी तरफ खिंची चली आई।
एमिली ने कहा, 'मैंने आज तक जितने भी आम खाए हैं, वे या तो मेक्सिको के थे या ब्राजील के, लेकिन जब मैंने इस भारतीय केसर आम का पहला टुकड़ा चखा, तो मैं हैरान रह गई। यह अविश्वसनीय रूप से बेहद मीठा, मखमली और रसदार है। इसका स्वाद किसी नेचुरल कैंडी जैसा है। हालांकि 4 आम के लिए 20 डॉलर चुकाना थोड़ा महंगा जरूर है, लेकिन इसके जादुई स्वाद को देखते हुए मेरा एक-एक पैसा वसूल हो गया है। अब मैं हर हफ्ते इसे खरीदने वाली हूं।'
सिएटल में 'मैंगो डिप्लोमेसी'
भारतीय आम को अमेरिकी मेनस्ट्रीम के बाजार में पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर 'मैंगो डिप्लोमेसी' का सहारा लिया गया है। सिएटल में भारत के कॉन्सुल जनरल प्रकाश गुप्ता ने अमेरिकी न्यूज चैनल Fox-13 पर भारतीय आमों का जमकर प्रमोशन किया।
उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से भारत सरकार और अमेरिकी प्रशासन लगातार कोशिशें कर रहे थे ताकि भारतीय आमों को अमेरिकी रिटेल नेटवर्क का हिस्सा बनाया जा सके। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, 'भारत में आम सिर्फ एक फल नहीं है, बल्कि यह हमारी गर्मियों की पहचान, संस्कृति और बचपन की पारिवारिक यादों का एक खूबसूरत हिस्सा है। अब वही अनमोल एहसास हम अमेरिकी नागरिकों तक पहुंचा रहे हैं।'
सिएटल से लेकर न्यू जर्सी तक एक ही दाम
केसर आम का यह क्रेज सिर्फ सिएटल तक ही सीमित नहीं है। वेबसाइट से मिले आंकड़ों के अनुसार, सिएटल, लिनवुड, एडिसन और नॉर्थ ब्रंसविक जैसे कई बड़े अमेरिकी शहरों के कॉस्टको स्टोर्स में केसर आम के 4 पीस वाले पैकेट की कीमत 20 डॉलर (₹1900) ही रखी गई है।
क्यों पूरी दुनिया में बेस्ट है भारतीय आम?
दुनिया भर में भारत आमों का सबसे बड़ा उत्पादक देश है। वैश्विक स्तर पर होने वाले कुल आम उत्पादन का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा अकेले भारत से आता है। भारत के केसर, अल्फांसो, दशहरी और लंगड़ा आम अपनी अनोखी मिठास, बेहतरीन पल्प और लाजवाब खुशबू के कारण पूरी दुनिया में नंबर वन माने जाते हैं। सिएटल के बाजारों में अभी 'केसर' आम ने दस्तक दी है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में 'अल्फांसो' और अन्य वैरायटी भी अमेरिकी स्टोर्स की रौनक बढ़ाएंगी।