अमेरिका में भारतीय शख्स ने पत्नी और 3 रिश्तेदारों को मारी गोली, अलमारी में छिपकर बच्चों ने बचाई जान

इस घटना के बाद कुमार और डोगरा के बच्चे ने ही 911 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। बच्चे ने ऐसी अहम जानकारी दी, जिससे पुलिस की रैपिड रिस्पॉन्स टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित थे। बाद में परिवार के एक सदस्य ने उन्हें अपने साथ ले लिया

अपडेटेड Jan 24, 2026 पर 2:51 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिका में भारतीय शख्स ने पत्नी और 3 रिश्तेदारों को मारी गोली

अमेरिका में एक भारतीय व्यक्ति को अपने ही घर में पत्नी और तीन रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी की पहचान 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है।  घटना के दौरान घर में तीन बच्चे भी मौजूद थे, जिन्होंने आलमारी में छिपकर अपनी जान बचाई।

 सामने आई ये बड़ी जानकारी 

इस घटना पर अटलांटा स्थित भारतीय दूतावास ने दुख जताया है और कहा है कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जा रही है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह एक बेहद दुखद घटना है, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पीड़ित परिवार की मदद के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना की जानकारी पुलिस को शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे मिली। पुलिस को ब्रूक आइवी कोर्ट के 1000 ब्लॉक इलाके में गोलीबारी की सूचना दी गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर के अंदर चार वयस्कों के शव मिले। सभी को गोली लगी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।


चार लोगों की हुई मौत

पुलिस ने बताया कि आरोपी की कार घर के ड्राइववे में ही खड़ी थी। इसके बाद पुलिस ने अपने K-9 दस्ते को आसपास के इलाके में भेजा। एक पुलिस कुत्ते ने पास के जंगल में आरोपी विजय कुमार का पता लगा लिया। पुलिस ने उसे वहीं से पकड़कर हिरासत में ले लिया। ग्विनेट काउंटी पुलिस के अनुसार, मृतकों में आरोपी की पत्नी मीमू डोगरा (43), जो अटलांटा की रहने वाली थीं, शामिल हैं। इसके अलावा गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38) की भी मौत हुई है। ये तीनों लॉरेंसविले के निवासी बताए गए हैं।

बच्चों ने दी पुलिस को जानकारी 

पुलिस के बयान के अनुसार, इस घटना के बाद कुमार और डोगरा के बच्चे ने ही 911 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। बच्चे ने ऐसी अहम जानकारी दी, जिससे पुलिस की रैपिड रिस्पॉन्स टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित थे। बाद में परिवार के एक सदस्य ने उन्हें अपने साथ ले लिया। यह घटना तब शुरू हुई, जब अटलांटा में कुमार और डोगरा के घर पर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद वे अपने बच्चे के साथ ब्रूक आइवी कोर्ट स्थित उस घर में पहुंचे, जहां गौरव कुमार, निधि चंदर और हरीश चंदर रहते थे। उनके साथ दो नाबालिग बच्चे भी थे, जिनकी उम्र सात और 10 साल बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि विजय कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें चार गंभीर हमले के मामले, चार फेलोनी मर्डर के आरोप, चार जानबूझकर हत्या (मैलिस मर्डर) के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा उस पर बच्चों के प्रति क्रूरता का एक पहला दर्जे का और दो तीसरे दर्जे के आरोप भी दर्ज किए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।