VIDEO: 'इंजन रूम में धमाका, चारों तरफ आग...', ओमान तट पर भारतीय क्रू की कांपती आवाज में आया दिल दहला देने वाला वीडियो

MT Jalveer SOS Call Video Oman: ओमान के समंदर की उठती लहरों के बीच, बैकग्राउंड में बजते खतरे के अलार्म और धुएं के गुबार के बीच एक भारतीय क्रू मेंबर की यह कांपती हुई आवाज जैसे ही वायरलेस सेट से गूंजी, ओमान से लेकर नई दिल्ली तक हड़कंप मच गया

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 2:36 PM
हमले के ठीक बाद जहाज के अंदर से भेजा गया यह दिल दहला देने वाला SOS वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

Indian Vessel MT Jalveer Attacked: 'शिनास पोर्ट कंट्रोल... मेरी आवाज आ रही है तो प्लीज इन कोऑर्डिनेट्स को नोट करिए। यह संदेश 'MT Jalveer' से भेजा जा रहा है। हमारे इंजन रूम में भीषण आग लग चुकी है... चालक दल के सभी सदस्य अभी सुरक्षित हैं, लेकिन हमें तुरंत मदद चाहिए!'

ओमान के समंदर की उठती लहरों के बीच, बैकग्राउंड में बजते खतरे के अलार्म और धुएं के गुबार के बीच एक भारतीय क्रू मेंबर की यह कांपती हुई आवाज जैसे ही वायरलेस सेट से गूंजी, ओमान से लेकर नई दिल्ली तक हड़कंप मच गया। भारतीय मर्चेंट नेवी का जहाज MT Jalveer ओमान के शिनास पोर्ट के करीब एक बड़े हमले का शिकार हो गया है। हमले के ठीक बाद जहाज के अंदर से भेजा गया यह दिल दहला देने वाला SOS वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो किसी हॉलीवुड की थ्रिलर फिल्म के खौफनाक मंजर जैसा नजर आता है।

लहरों के बीच मौत से हुआ सामना 


ओमान के शिनास पोर्ट के रणनीतिक पानी में MT Jalveer अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भारतीय मालवाहक जहाज पर करीब 20 क्रू मेंबर्स सवार थे। अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और जहाज का सबसे संवेदनशील हिस्सा यानी 'इंजन रूम' आग के शोलों में तब्दील हो गया।

फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने इस हमले के बाद के खौफनाक विजुअल्स शेयर किए हैं। गनीमत यह रही कि हमले के तुरंत बाद क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ दिखाई और सीधे पोर्ट अथॉरिटी को अपनी लोकेशन भेजकर मदद की गुहार लगाई। ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि वे इस 'गंभीर घटना' पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन को लीड कर रहे हैं।

एक हफ्ते में तीसरा हमला, समंदर बना 'डेथ जोन'

समंदर के इस रास्ते पर भारतीय क्रू मेंबर्स वाले जहाजों के लिए यह हफ्ता किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ है। MT Jalveer पर हुआ यह हमला पिछले 7 दिनों के भीतर तीसरा बड़ा हमला है। इससे पहले हुए दो हमलों की कहानी और भी ज्यादा चौंकाने वाली और डरावनी है:

1. मिसाइल अटैक में 3 भारतीय सेलर्स की मौत

इससे पहले ओमान के सोहार तट के पास 'सेटेबेलो' (Settebello) नाम के एक ऑयल टैंकर पर आसमान से काल बनकर एक मिसाइल गिरी। इस भीषण हमले में जहाज पर सवार 3 भारतीय नाविकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 अन्य को जलते हुए जहाज से बमुश्किल रेस्क्यू किया गया।

2. अमेरिकी सेना का 'प्रिसिजन स्ट्राइक' का दावा

हैरान करने वाली बात यह है कि 'सेटेबेलो' पर यह हमला अमेरिकी सेना द्वारा किया गया था। अमेरिका का दावा है कि यह जहाज ईरान से तेल ले जा रहा था और उसने अमेरिकी सेना के निर्देशों का पालन नहीं किया, जिसके बाद उस पर यह 'सटीक हमला' किया गया। अमेरिकी मिलिट्री ने इस हमले का लाइव वीडियो भी जारी किया था।

3. MT Marivex पर भी हुआ था हमला

'सेटेबेलो' पर हुए हमले से ठीक एक दिन पहले, 24 भारतीय क्रू मेंबर्स को ले जा रहे एक और ऑयल टैंकर MT Marivex को निशाना बनाया गया था। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास इस जहाज पर एक अज्ञात गोला दागा गया था, जिसके बाद पूरे क्रू को सुरक्षित निकालना पड़ा था।

होर्मुज में आखिर क्यों निशाने पर हैं जहाज?

ओमान का यह समुद्री इलाका वैश्विक व्यापार और तेल की सप्लाई के लिए लाइफलाइन माना जाता है, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अब यह रास्ता मर्चेंट नेवी के लिए 'सुलगता हुआ समंदर' बन चुका है। बैक-टू-बैक हो रहे इन मिसाइल और ड्रोन हमलों ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। सरकार और नेवी अब इन रूटों पर सुरक्षा बढ़ाने और भारतीय क्रू को सुरक्षित निकालने के लिए हाई-लेवल मीटिंग्स कर रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।