ईरान का सबसे भीषण पलटवार! बहरीन में अमेजन का सेंट्रल डेटा सेंटर तबाह, कुवैत से जॉर्डन तक अमेरिकी ठिकानों पर हमला

Iran Cruise Missile Attack Amazon Bahrain: ईरानी सेना ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि उसने बहरीन में स्थित अमेरिकी ई-कॉमर्स और टेक दिग्गज अमेजन के सेंट्रल डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर पर कई क्रूज मिसाइलों से हमला कर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया है। IRGC के बयान के मुताबिक, यह हमला अमेरिका द्वारा दार खुयिन में बन रही एक नागरिक सुविधा पर की गई कल की कार्रवाई के जवाब में किया गया है

अपडेटेड Jul 21, 2026 पर 1:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ईरान ने खाड़ी में कई अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है

US Iran Conflict Update: अमेरिकी हमलों से बौखलाए ईरान ने मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सैन्य और व्यापारिक नेटवर्क पर चौतरफा हमला बोल दिया है। जॉर्डन में अमेरिकी रडार उड़ाने और कुवैत में फाइटर जेट्स व ड्रोन हैंगर्स को तबाह करने के दावों के बीच सबसे हैरान करने वाली खबर बहरीन से आई है, जहां ईरान के मुताबिक अमेजन के सेंट्रल डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को मिसाइल अटैक कर उड़ा दिया गया है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इसे 'टोटल वॉर' करार देते हुए साफ कर दिया है कि खाड़ी का यह क्षेत्र अब अमेरिकी सेना के लिए सुरक्षित नहीं रहा।

बहरीन में अमेजन के डेटा सेंटर पर क्रूज मिसाइल अटैक का दावा

ईरानी सेना ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि उसने बहरीन में स्थित अमेरिकी ई-कॉमर्स और टेक दिग्गज अमेजन के सेंट्रल डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर पर कई क्रूज मिसाइलों से हमला कर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया है।


IRGC के बयान के मुताबिक, यह हमला अमेरिका द्वारा दार खुयिन में बन रही एक नागरिक सुविधा पर की गई कल की कार्रवाई के जवाब में किया गया है। हालांकि, इस हमले को लेकर अभी तक अमेजन, बहरीन के अधिकारियों या अमेरिकी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अमेरिका ने ईरान पर दागीं नई मिसाइलें

ईरानी दावों के बीच, अमेरिकी मध्य कमान (CENTCOM) ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीधे आदेश पर अमेरिकी बलों ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर नए सिरे से हमले शुरू किए हैं।

CENTCOM के प्रवक्ता ने कहा, 'राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ नए दौर के हमले शुरू कर दिए हैं। इन हमलों का मकसद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कमर्शियल जहाजों पर हमले करने वाली ईरानी सैन्य क्षमताओं को नष्ट करना है।'

जॉर्डन और कुवैत में भी अमेरिकी ठिकानों पर कहर

ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB और तस्नीम न्यूज एजेंसी द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, ईरान ने कई अभियानों के जरिए अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है:

जॉर्डन में तबाही (ऑपरेशन नस्र- 2): IRGC का दावा है कि उसने जॉर्डन में स्थित अमेरिकी मिसाइल डिफेंस रडार सिस्टम को उड़ा दिया है और एक F-15 फाइटर जेट को उसके शेल्टर के अंदर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा जॉर्डन के रुकबान क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य कर्मियों के एक परिसर पर भी हमला कर कई अमेरिकी सैनिकों को मारने का दावा किया गया है।

कुवैत में एयरबेस और रडार तबाह (ऑपरेशन लाइटनिंग): ईरानी सेना ने कुवैत के अरिफजान बेस, अल-अदिरी कैंप और अहमद अल-जाबेर एयर बेस पर ड्रोन और मिसाइल अटैक का दावा किया है। अली अल-सलेम एयर बेस पर बने MQ-9 ड्रोन हैंगर को निशाना बनाया गया, जिससे कई मानवरहित विमान तबाह हो गए।

कैंप अरिफजान में तैनात अमेरिका के खतरनाक HIMARS मिसाइल सिस्टम को सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों से निशाना बनाने का दावा किया गया है।

क्या यह 'पूर्ण युद्ध' है?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने वर्तमान स्थिति को अमेरिका के साथ 'फुल-स्केल वॉर' बताया है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों का यह भी कहना है कि दोनों देशों के बीच लगातार युद्ध जारी रहने के बावजूद मध्यस्थों के जरिए कूटनीतिक संदेशों का आदान-प्रदान भी चल रहा है। फिलहाल तनाव का मुख्य केंद्र स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बना हुआ है, जहां कमर्शियल जहाजों की सुरक्षा को लेकर अमेरिका और ईरान आमने-सामने डटे हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।