ईरान का दावा- अमेरिका का C-130 एयरक्राफ्ट को मार गिराया, लापता अमेरिकी पायलट को रेस्क्यू करने आया था विमान

US-Israel-Iran War: ईरानी सेना ने दावा किया है कि अमेरिकी पायलट की तलाशी अभियान में शामिल अमेरिका के एक एयरक्राफ्ट C-130 को मार गिराया है। यह खबर ऐसे समय आई है जब ईरान द्वारा लड़ाकू विमान गिराए जाने के बाद लापता अमेरिकी पायलट को बचा लिया गया है

अपडेटेड Apr 05, 2026 पर 1:37 PM
Story continues below Advertisement
US-Israel-Iran War: ईरान ने अमेरिके के C-130 एयरक्राफ्ट को मार गिराने का दावा किया है

US-Israel-Iran War: ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि पायलट की तलाशी अभियान में शामिल एक अमेरिकी एयरक्राफ्ट C-130 को मार गिराया गया है। ईरानी मीडिया ने रविवार (5 अप्रैल) को यह दावा किया। यह खबर ऐसे समय आई है जब ईरान द्वारा लड़ाकू विमान गिराए जाने के बाद लापता अमेरिकी पायलट को बचा लिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान में बचाया गया अमेरिकी सैनिक घायल है। लेकिन वह बिल्कुल ठीक हो जाएगा। ट्रंप ने कहा कि ईरान की धरती से अमेरिकी सेना ने अपने पायलट को सुरक्षित वापस निकाल लिया है।

इस ऐलान के बाद Fars न्यूज एजेंसी ने बताया कि नष्ट हुए  एयरक्राफ्ट की पहचान C-130 के तौर पर हुई है। उसे 'फराज रेंजर्स' नाम की एक पुलिस कमांडो यूनिट ने मार गिराया। एजेंसी ने दावा किया कि यह एयरक्राफ्ट ईरान की धरती पर आए दुष्ट हमलावरों को ईंधन पहुंचा रहा था। ईरानी मीडिया ने रविवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिमी ईरान में रात भर चले हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई।

ये हमले एक मार गिराए गए लड़ाकू विमान के लापता अमेरिकी क्रू-सदस्य को खोजने की कोशिशों के दौरान हुए। Tasnim न्यूज एजेंसी के अनुसार, कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के एक अधिकारी इराज काजेमीजू ने कहा, "कल रात कोह-ए-सियाह इलाके पर हुए हमले में पांच लोग शहीद हो गए।"


उन्होंने आगे बताया कि ये मौतें उस समय हुई जब अमेरिका दुर्घटनाग्रस्त विमान के पायलटों की तलाश कर रहा था। ईरान ने अमेरिका के दो फाइटर जेट F-15E और A-10 को हवा में मार गिराया। ईरान के इस हमले में एफ-15ई के दो क्रू मेंबर्स में से एक को अमेरिकी स्पेशल फोर्स ने सुरक्षित वापस निकाल लिया था। जबकि एक लापता था। रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी है कि दूसरे लापता क्रू मेंबर को भी रेस्क्यू कर लिया गया है।

अमेरिका पायलट को बचाने का किया ऐलान

डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह एक 'ट्रूथ सोशल' पर पोस्ट में कहा कि एक लापता अमेरिकी क्रू मेंबर को अमेरिकी फोर्स ने बचा लिया है। ईरानी सेना ने लापता क्रू मेंबर को ढूंढने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। खबर है कि उसे पकड़ने में मदद करने वाली किसी भी जानकारी के लिए 60,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिकी सेना ने अपने पायलट को सुरक्षित निकालकर सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि क्रू मेंबर को चोटें आई हैं। लेकिन वह ठीक हो जाएगा। ट्रंप ने अमेरिकी सेना को सबसे अच्छा और खतरनाक बताते हुए कहा कि यह एक ऐसा पल है जिस पर सभी अमेरिकियों, रिपब्लिकन, डेमोक्रेट और बाकी सभी को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए एकजुट होना चाहिए। हमारे पास सच में दुनिया के इतिहास की सबसे अच्छी, सबसे प्रोफेशनल और खतरनाक सेना है।

ये भी पढ़ें- ईरान में अमेरिकी पायलट का हाई-वोल्टेज रेस्क्यू, भारी गोलीबारी के बीच दूसरे क्रू को बचाया; कमांडो ऑपरेशन रहा सफल

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, F-15E एयरक्राफ्ट को सेंट्रल ईरान के ऊपर टारगेट किया गया था। माना जा रहा है कि यह कोगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत में गिरा। हालांकि, ईरानी अधिकारियों की तरफ से फिलहाल कोई पुष्टि नहीं की गई है। अमेरिकी सेना का ऑपरेशन सफल होने के बाद पूरे अमेरिका में जश्न का माहौल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।